भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने लोगों को बताया है कि वे किसी संगठन, संस्थान या किसी भी जगह आधार की फोटोकापी का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इसका दुरुपयोग किया जा सकता है। UIDAI ने सलाह दी कि लोगों को ‘मास्क्ड आधार’ (Masked Aadhaar) का इस्तेमाल करना चाहिए। इसमें केवल आधार संख्या के अंतिम चार अंक दिखते हैं। इसे UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट https://myaadhaar.uidai.gov.in से डाउनलोड किया जा सकता है। UIDAI ने बताया है कि किसी भी आधार संख्या को https://myaadhaar.uidai.gov.in/verifyAadhaar पर वेरिफाई यानि सत्यापित किया जा सकता है। प्राधिकरण के अनुसार आफलाइन वेरिफाई करने के लिए आप एमआधार मोबाइल एप्लिकेशन में क्यूआर कोड स्कैनर का उपयोग करके ई-आधार या आधार पत्र या आधार पीवीसी कार्ड पर क्यूआर कोड को स्कैन कर सकते हैं।

UIDAI की विज्ञप्ति के अनुसार, ‘कृपया e-Aadhaar डाउनलोड करने के लिए इंटरनेट कैफे में सार्वजनिक कंप्यूटर का उपयोग करने से बचें। यदि आप ऐसा करते हैं, तो कृपया यह सुनिश्चित कर लें कि आप ई-आधार की सभी डाउनलोड की गई प्रतियों को उस कंप्यूटर से स्थायी रूप से हटा दें।’ विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘केवल वही संगठन जिन्होंने UIDAI से यूजर लाइसेंस प्राप्त किया है, किसी व्यक्ति की पहचान स्थापित करने के लिए आधार का उपयोग कर सकते हैं। बगैर लाइसेंस वाली निजी संस्थाओं जैसे होटल या फिल्म हाल आदि को आधार कार्ड की कापी जमा करने या रखने की इजाजत नहीं है। यह आधार अधिनियम 2016 के तहत एक अपराध है। यदि कोई निजी संस्था आधार कार्ड देखने की मांग करती है या आधार कार्ड की फोटोकापी मांगती है, तो कृपया सत्यापित करें कि उनके पास UIDAI से वैध उपयोगकर्ता लाइसेंस है।’
Date : 29-May-2022
Penned by Reeta Joshi