चंपावत उपचुनाव होने में अब काफी कम समय रह गया है | ऐसे में उम्मीदवारों के समर्थन में बीजेपी और कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारक चुनाव प्रचार के लिए उतार रखे हैं | चुनाव प्रचार अब अपने आखिरी चरण में है | इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समर्थन में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ 28 तारीख को टनकपुर में एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे |
चंपावत उपचुनाव में सीएम धामी की जीत के लिए भाजपा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनाव प्रचार में उतारने जा रही है | सीएम योगी 28 मई को चंपावत विधानसभा के टनकपुर बनबसा में जनसभा को संबोधित करेंगे | इस दौरान वो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समर्थन में वोट मांगेंगे |

योगी आदित्यनाथ के इस दौरे को लेकर उत्तराखंड भाजपा बेहद उत्साहित है |चंपावत उपचुनाव में योगी आदित्यनाथ के दौरे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की जीत और भी अधिक सुनिश्चित हो जाएगी |उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का टनकपुर दौरा तय हो गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने बताया कि योगी आदित्यनाथ 28 मई को 11:30 बजे हैलीकॉटर से स्पोट्र्स स्टेडियम में उतरेंगे। कार के काफिले के साथ बाजार के विभिन्न मार्गो से होते हुए गांधी मैदान में विशाल सभा को संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम तय होने के बाद गांधी मैदान में रैली की सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वहीं उनकी सुरक्षा के लिए खुफिया एजेंसी, पुलिस, एसएसबी व अन्य सुरक्षा बल यहां पहुंचना शुरू हो गए हैं। योगी के दौरे को लेकर न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं में बल्कि आम लोगों में भी उत्साह है। लोग इंटरनेट मीडिया में यूपी के मुख्यमंत्री के आगमन पर खुशी जताते हुए लोगों से गांधी मैदान में भारी संख्या में पहुंचने की अपील की रहे हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी मूल रूप से उत्तराखंड पौड़ी के रहने वाले हैं | उनका उत्तराखंड से गहरा लगाव रहा है. इसी महीने की शुरुआत में योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड दौरे पर अपने पैतृक गांव पहुंचे थे | इस दौरान भी उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ की थी और चंपावत उपचुनाव को लेकर उनके लिए जनता से समर्थन मांगा था |
Date : 27-May-2022
Penned by Reeta Joshi