उत्तराखंड के युवाओ का इंतजार खत्म हुआ, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (uksssc) ने शारीरिक दक्षता परीक्षा को लेकर आदेश जारी कर दिया है। सचिव संतोष बडोनी की ओर से जारी आदेश के अनुसार वन दरोगा पद की शारीरिक दक्षता परीक्षा 28 एवं 29 जून 2022 को देहरादून में होगी।

जानकारी के मुताबिक इस बार खास बात ये है कि वन दरोगा भर्ती के लिए होने वाली दौड़ में हाईटेक तरीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। अभ्यर्थियों को रेडियो कॉलर लगाकर दौड़ पूरी करनी होगी। वन दरोगा के फिजिकल टेस्ट के दो भाग होंगे। पहले भाग में नापतोल के दौरान लंबाई और वजन चेक किया जाएगा। दूसरे हिस्से में अभ्यर्थी को 24 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।दौड़ पूरी करने के लिए अभ्यर्थी को 4 घंटे का समय मिलेगा। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि चार घंटे में 24 किलोमीटर दौड़ के लिए रायपुर स्टेडियम और उसकी अप्रोच रोड को चयनित किया गया है, जो कि दो किलोमीटर की है।दौड़ पूरी तरह से डिजिटल होगी और इसके तहत हर एक उम्मीदवार को रेडियो कॉलर लगाकर दौड़ना होगा। जैसे ही वो अपनी दौड़ पूरी कर लेगा तो रेस अपने आप मैप में अपडेट हो जाएगी। रेडियो कॉलर लगाकर दौड़ने से पारदर्शिता बनी रहेगी, किसी भी तरह की लापरवाही की गुंजाइश नहीं रहेगी। रेस पूरी करने के लिए हर उम्मीदवार को ग्राउंड के 12 चक्कर लगाने होंगे।

पूर्व में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कराई जा रही वन दरोगा की भर्ती परीक्षा में कुछ आवेदकों की ओर से दाखिल आपत्ति को परीक्षण के बाद खारिज कर दिया गया था । लिहाजा 6 महीने से अटकी दस्तावेज वेरिफिकेशन प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता भी साफ हो गया है। दरअसल आयोग ने 2019 में वन दरोगा के 316 पदों पर भर्ती शुरू की थी और पिछले साल दिसंबर में इसके परिणाम भी आ गए थे। इस बीच कई युवाओं ने नार्मलाइजेशन प्रक्रिया और परीक्षा के बाद कई प्रश्नों को हटाए जाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कोर्ट में वाद दाखिल किया था। लेकिन अब आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि 28 जून व 29 जून को शारीरिक दक्षता परीक्षा देहरादून में होगी।
Date : 13-June-2022
Penned by Reeta Joshi