उत्तराखंड में आठ साल के लंबे इंतजार के बाद रविवार यानी आज से पुलिस विभाग में कांस्टेबल पद की भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। आरक्षी के 1521 पदों के लिए 2,59,672 युवाओं ने आवेदन किया है। 10 जनपदों में शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए 20 केंद्र बनाए गए हैं। चारधाम यात्रा के चलते रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में 15 जून से शारीरिक दक्षता परीक्षा कराई जाएगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए पुलिस विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। लंबे समय बाद होने जा रही पुलिस भर्ती को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।
चम्पावत जिले में चार दिन नहीं होगी परीक्षा
चम्पावत जिले में विधानसभा उपचुनाव की प्रक्रिया के चलते शारीरिक दक्षता परीक्षा 29 से 31 मई और तीन जून को कुल चार दिन नहीं होगी।
ये दस्तावेज लाने होंगे साथ
शारीरिक दक्षता परीक्षा में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ फोटो पहचान पत्र, प्रवेश पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, नापजोख में छूट के लिए आयु सीमा, जाति और पर्वतीय क्षेत्र से संबंधित प्रमाण पत्र साथ लाना होगा।
छूटे अभ्यर्थियों को मिलेगा एक और मौका
कुमाऊं विश्वविद्यालय और अल्मोड़ा विश्वविद्यालय की परीक्षा और पुलिस भर्ती परीक्षा की तिथि एक ही दिन होने से कई अभ्यर्थी परेशान थे। ऐसे युवाओं के लिए राहत की खबर है। पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर ङ्क्षसह ने कहा है कि शारीरिक दक्षता परीक्षा में निर्धारित तिथि पर किसी कारणवश अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को एक और मौका दिया जाएगा। छूटे अभ्यर्थी अंतिम दिन परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
Date : 15-May-2022
Penned by Reeta Joshi