प्रादेशिक सेना भर्ती में शामिल होने के लिए यूपी से 20,000 से अधिक युवाओं की भीड़ जब पिथौरागढ़ पहुंची तो हालात बेकाबू हो गए। दरअसल बुधवार सुबह पिथौरागढ़ में सेना भर्ती के दौरान भर्ती स्थल तक पहुंचने की आपाधापी में सेना का गेट टूट गया। इतना ही नहीं बल्कि युवकों की भीड़ जब भर्ती स्थल में घुसने लगी तो भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियां फटकारनी पड़ीं। जिससे वहां भगदड़ मच गई। हालांकि इस दौरान दो युवक घायल हो गए। जिनमे मेहताबनगर बुलंदशहर का रहने वाला युवराज जिसकी उम्र 18 साल और मनीष जिसकी उम्र 19 साल है उसे 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बता दे इस भगदड़ में युवराज का पैर और हाथ फ्रैक्चर हो गए और उसके सिर में भी गंभीर चोट आई है। हालांकि प्राथमिक उपचार के बाद युवराज की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं मनीष को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। साथ ही अन्य घायल दर्द से कराहते हुए साथियों के साथ घर लौट गए। आपको बता दे उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में प्रादेशिक सेना भर्ती जारी है जिसमें हजारों युवा पहुंचे हैं। साथ ही बेरोजगारी का आलम ये है कि आठवीं, दसवीं और बारहवीं पास युवाओं के लिए हो रही भर्ती में स्नातक और स्नातकोत्तर कर चुके युवा भी हिस्सा लेने आए हैं। दरअसल सेना के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए दूसरे राज्यों के 20,000 से अधिक युवा पहुंचे थे। जिनमे कई युवा ऐसे भी हैं जो कई बार सेना भर्ती में शामिल हो चुके हैं।
वही सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में 12 से 27 नवंबर तक प्रादेशिक सेना भर्ती का आयोजन हुआ और 12 नवंबर से अब तक देश के विभिन्न राज्यों से 25,000 से अधिक युवा सेना में भर्ती होकर रोजगार पाने का सपना लेकर यहाँ पहुंचने लगे। लेकिन बुधवार को यूपी से एक ही दिन में 20,000 से अधिक युवा भर्ती रैली में भाग लेने पहुंचे। और अगले एक सप्ताह में अन्य राज्यों से युवाओं के बड़ी संख्या में भर्ती रैली में शामिल होने का अनुमान है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है की देश में बेरोजगारी किस कदर हावी है और युवा रोजगार पाने का हरसंभव प्रयास कर रहा है। वही मध्य कमान, जोन-2 के राज्यों ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और झारखंड के युवाओं की भर्ती 12 से 27 नंबर तक पिथौरागढ़ मिलिट्री स्टेशन में रोजाना सुबह पांच बजे से आयोजित की जा रही है। जिसमे इन्फैंट्री बटालियन (टीए) कुमाऊं, 153 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) डोगरा और 151 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) जाट की जीडी के लिए 88, 11 पदों पर सैनिक (क्लर्क), 06 पदों पर सैनिक (कुक), एक पद पर सैनिक (स्पेशल कुक), पांच पदों पर सैनिक नाई, 03 पदों पर सैनिक स्वच्छक, एक पद पर सैनिक कारपेंटर, दो पदों पर सैनिक मसाल्ची की भर्ती होनी है।