रामायण’ के ट्रेलर पर फिदा हुए नीतीश भारद्वाज, बोले- 100% ऑस्कर जीतेगी फिल्म

रामायण' के ट्रेलर पर फिदा हुए नीतीश भारद्वाज, बोले- 100% ऑस्कर जीतेगी फिल्म
By New31 Uttarakhand

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी जमकर चर्चा हो रही है। दर्शकों के साथ-साथ फिल्म और टीवी जगत की कई हस्तियां भी ट्रेलर की तारीफ कर रही हैं। इसी कड़ी में टीवी के लोकप्रिय अभिनेता नीतीश भारद्वाज, जिन्होंने छोटे पर्दे पर भगवान श्रीकृष्ण का किरदार निभाकर खास पहचान बनाई थी, ने भी फिल्म की खुलकर सराहना की है। उन्होंने न सिर्फ फिल्म को ऑस्कर जीतने का दावेदार बताया, बल्कि अभिनेता रणबीर कपूर को एक अहम सलाह भी दी।

अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में नीतीश भारद्वाज ने लिखा कि “‘रामायण’ को बेस्ट फॉरेन फिल्म कैटेगरी में 100 प्रतिशत ऑस्कर मिलेगा।” उन्होंने निर्देशक नितेश तिवारी की तारीफ करते हुए कहा कि सत्यजीत रे और शेखर कपूर के बाद वह विश्व सिनेमा के लिए भारत का अगला बड़ा उपहार साबित हो सकते हैं। उन्होंने फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइन, सिनेमैटोग्राफी, वीएफएक्स और एआई के इस्तेमाल की भी जमकर प्रशंसा की। साथ ही हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार हंस जिमर के भारतीय सिनेमा से जुड़ने को भी ऐतिहासिक बताया।

नीतीश भारद्वाज ने रणबीर कपूर के लिए एक खास संदेश भी लिखा। उन्होंने कहा कि वह हमेशा से रणबीर की अभिनय क्षमता के प्रशंसक रहे हैं, लेकिन अब भगवान श्रीराम का किरदार निभाने के बाद उनकी सामाजिक जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने रणबीर से अपील की कि भविष्य में ‘एनिमल’ जैसी फिल्मों से दूरी बनाए रखें और भारत की संस्कृति, विरासत और मूल्यों को मजबूत करने वाली फिल्मों का हिस्सा बनें। उनका कहना था कि भारतीय सिनेमा में ऐसी कहानियों की कोई कमी नहीं है, जो एक अभिनेता की प्रतिभा को पूरी तरह सामने ला सकें।

उन्होंने फिल्म में साई पल्लवी को सीता के रूप में देखने की उत्सुकता भी जताई और उम्मीद व्यक्त की कि दर्शक उन्हें इस भूमिका में स्वीकार करेंगे। साथ ही उन्होंने इच्छा जताई कि फिल्म में तुलसीदास की चौपाइयों और पारंपरिक भारतीय संगीत का भी प्रभावशाली इस्तेमाल देखने को मिले। नीतीश भारद्वाज ने कहा कि नितेश तिवारी की मेहनत का सम्मान करने के लिए वह ‘रामायण’ कम से कम पांच बार सिनेमाघरों में देखना चाहेंगे।

बता दें कि दिवाली 2026 पर रिलीज होने जा रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय, रकुल प्रीत सिंह, रवि दुबे और फैसल खान भी अहम किरदार निभा रहे हैं। ट्रेलर रिलीज होने के बाद फिल्म के भव्य वीएफएक्स, विजुअल स्केल और प्रस्तुति की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और भी बढ़ गया है।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.