पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता को एक और झटका लगा है। आज गुरुवार से सरकारी आयल मार्केटिंग ने घरेलू गैस कनेक्शन लेना महंगा कर दिया है। अब गैस सिलिंडर की सिक्योरिटी मनी अधिक जमा करनी होगी।आयल कंपनियों ने गैस कनेक्शन की सिक्योरिटी के दाम बढ़ा कर उपभोक्ताओं को झटका दिया है। गुरुवार से यदि कोई उपभोक्ता नए गैस कनेक्शन के लिए आवेदन करता है, तो उसे 14.2 किलो गैस सिलिंडर की सिक्योरिटी 2300 रुपये जमा करनी होगी।
पांच किलो के सिलिंडर लेने पर देनी होगी 1250 रुपये की सिक्योरिटी
इस संबंध में उत्तरांचल डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष चमन लाल ने बताया पहले 14.2 किलो के गैस सिलिंडर की कनेक्शन की सिक्योरिटी 1450 रुपये थी। इसके अलावा पांच किलो के सिलिंडर लेने पर 1250 रुपये सिक्योरिटी जमा करनी होगी। जबकि पहले 800 रुपये सिक्योरिटी ली जाती थी।

उज्ज्वला योजना वालों को भी लगा झटका
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के ग्राहकों को भी नई दरों से झटका लगा है। यदि इन ग्राहकों ने अपने कनेक्शन पर सिलेंडर को डबल किया तो दूसरे सिलेंडर की बढ़ी हुई सिक्योरिटी राशि देनी होगी। हालांकि यदि उज्ज्वला योजना में किसी को नया कनेक्शन मिलता है तो सिलेंडर की सुरक्षा राशि पहले वाली ही देनी होगी।
अब सिलिंडर का रेगुलेटर भी पड़ेगा महंगा
अब गैस रेगुलेटर लेना भी महंगा पड़ेगा। सिलिंडर के रेगुलेटर के लिए पहले 150 रुपये देने पड़ते थे। अब यह 250 रुपये का मिलेगा। वहीं, गैस पाइप के लिए अलग से 150 रुपये देने होंगे। साथ ही गैस पासबुक के लिए 25 रुपये होंगे। अब हर नए गैस कनेक्शन के लिए उपभोक्ता को 850 रुपये अधिक देने होंगे। पहले गैस कनेक्शन की सिक्योरिटी के दाम 1450 रुपये थे। अब यह बढ़कर 2300 रुपये हो गई है। यानी सीधे सीधे आपको 850 रुपये देने होंगे।
यदि अब आप एक सिलेंडर वाला नया गैस कनेक्शन लेने जाते हैं तो इसके लिए आपको 3690 रुपये का भुगतान करना होगा। यदि आप चूल्हा लेना चाहते हैं तो इसके लिए अलग से पैसे देने होंगे। रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच कनेक्शन महंगा होने से लोगों को झटका लगा है।
Date : 16-June-2022
Penned by Reeta Joshi