महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव में एक बार फिर शिवसेना के दोनों गुट आमने-सामने हैं। शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने राजन सालवी को उम्मीदवार बनाया है तो भाजपा की तरफ से युवा नेता और पहली बार विधायक चुने गए राहुल नार्वेकर ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है।
इस चुनाव में शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे की तरफ से व्हिप जारी किया गया है। लेकिन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, यह हम पर लागू नहीं होता है |
सूबे में सत्ता परिवर्तन के बाद बुलाए गए दो दिवसीय विधानसभा के विशेष सत्र से पहले शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और खेमे की तरफ से सचेतक सुनील प्रभु ने व्हिप जारी कर दिया है। व्हिप में कहा है, की विधानसभा का विशेष सत्र 3-4 जुलाई को है। विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए राजन सालवी उम्मीदवार हैं। इस दौरान शिवसेना के सभी सदस्य भी सदन में मौजूद रहें।
वहीं, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट के प्रवक्ता दीपक केसरकर ने कहा, की हम विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के लिए ह्विप जारी करेंगे। मजे की बात यह है कि दोनों गुट (ठाकरे और शिंदे) शिवसेना के सभी विधायकों के वोट के दावे कर रहे हैं। शनिवार को शिंदे गुट के प्रवक्ता दीपक केसरकर ने गोवा में पत्रकारों से कहा, की भाजपा के विधानसभा अध्यक्ष पद के उम्मीदवार राहुल नार्वेकर को अग्रिम बधाई देता हूं क्योंकि वे राज्य के सबसे युवा विधानसभा अध्यक्ष होंगे।
सालवी ने किया जीत का दावा
राजन सालवी कोकण के रत्नागिरी जिले के राजापुर से विधायक हैं। उन्होंने शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद सालवी ने दावा किया कि मेरी जीत तय है। उन्होंने कहा की महा विकास आघाड़ी के सभी सदस्य मेरे पक्ष में वोट करेंगे। शिवसेना की तरफ से सुनील प्रभु ने पहले ही ह्विप जारी कर दिया है और इसलिए पार्टी के सभी 55 विधायकों के वोट हमें मिलेंगे। बता दें कि राज्य में कांग्रेस नेता नाना पटोले के बाद फरवरी 2021 से विधानसभा अध्यक्ष का पद रिक्त है।