मानसून काल शुरू होने से पहले ही पिथौरागढ़ जिले को जोड़ने वाली सड़कें बंद होने लगी हैं। पिथौरागढ़-अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर कई स्थानों पर मलबा आ जाने से मार्ग बंद हो गया। आवागमन करने वाले यात्री मार्ग पर फंस गए। रात्रि ढाई बजे मार्ग खल सका। मार्ग खुलवाने के लिए भी यात्रियों को अपने चंदे पर लोडर मशीन आपरेटर की व्यवस्था करनी पड़ी। बीती सायं लगभग छह बजे हुई भारी बारिश से पिथौरागढ़-अल्मोड़ा मोटर मार्ग कई स्थानों पर मलबा आ जाने से बाधित हो गया। हल्द्वानी, अल्मोड़ा, गंगोलीहाट से आ रहे यात्रियों से पिथौरागढ़ से इन क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्री मार्ग में फंस गए। मार्ग बंद होने की सूचना एनएच के अधिकारियों को दी गई। यात्री कई घंटे इंतजार करते रहे।
पनार क्षेत्र में लोडर मशीन तैनात की गई थी, लेकिन इसे चलाने के लिए आपरेटर नहीं था। यात्रियों ने सम्पर्क कर पता लगाया कि पास के एक गांव में प्राइवेट लोडर मशीन आपरेटर उपलब्ध है। जिस पर मार्ग पर फंसे एक मोटर साइकिल सवार को भेजकर लोडर मशीन आपरेटर को बुलाया गया। इसके लिए यात्रियों ने आपस में चंदा किया। निजी आपरेटर ने घाट से पनार के बीच कई स्थानों पर आया मलबा हटाया। रात्रि ढाई बजे मार्ग सुचारू हो सका। इस बीच पिथौरागढ़ से हल्द्वानी, अल्मोड़ा के लिए निकले यात्री वापस लौट गए। जबकि दूसरी तरफ से आ रहे यात्री प्रात: चार बजे पिथौरागढ़ पहुंच सके। यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। नाराज यात्रियों ने एनएच की बदइंतजामी पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि मानसून काल में सड़क खोलने के लिए पूरे इंतजाम रखे जाए।
Date : 15-May-2022
Penned by Reeta joshi