जोशीमठ में जमीन धंसने का सिलसिला जारी है। वहीं भूधंसाव की चपेट में आए आवासों के बाद अब प्रशासन ने बाजार में दुकानें खाली करने के आदेश दिए हैं…पहले चरण में छह ऐसी दुकानें चिह्नित की गई हैं, जिनमें दरारें आ गई थीं। इन दुकानों को शिफ्ट करने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा अन्य असुरक्षित दुकानों को भी चिह्नित किया जा रहा है।

बद्रीनाथ हाईवे पर नई दरार उभरी
आपको बता दें कि बदरीनाथ हाईवे पर एसबीआइ के सामने नई दरार उभरी है, जिसे मिट्टी डालकर भरा जा रहा है। साथ ही, मलारी हाईवे पर चौड़ी हुई दरारों में भी मिट्टी भरकर उन्हें चलने लायक बनाया जा रहा है। उधर, जेपी कालोनी में फूटी जलधारा का प्रवाह भी घटकर 132 एलपीएम रह गया है।

वर्षा और बर्फबारी के चलते रोकना पड़ा था काम
बीती गुरुवार रात से शुक्रवार देर रात तक वर्षा और बर्फबारी के चलते जोशीमठ में राहत कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। वहीं डिस्मेंटलिंग का काम पूरी तरह रोकना पड़ा था… हालांकि रविवार को चटख धूप खिलने के बाद कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली।