फिल्म ‘हनुमान अंश’ का क्रेज दर्शकों के बीच कम होने का नाम नहीं ले रहा है। रिलीज के सातवें हफ्ते में पहुंच चुकी यह फिल्म अब भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। हालिया रिलीज बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मों के बीच भी ‘हनुमान अंश’ की कमाई चर्चा में बनी हुई है। वहीं, ‘मिर्जापुर द मूवी’ भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म ‘दायरा’ की शुरुआत हालांकि धीमी रही। फिल्म ने पहले दिन यानी शुक्रवार को करीब 1 करोड़ रुपये कमाए। शनिवार को कलेक्शन बढ़कर 1.75 करोड़ रुपये पहुंचा, जबकि रविवार को भी फिल्म ने 1.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस तरह तीन दिनों में ‘दायरा’ की कुल कमाई करीब 4.50 करोड़ रुपये हो गई है। मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन एक केस को सुलझाते नजर आ रहे हैं।
वहीं हॉलीवुड फिल्म ‘रेसिडेंट ईविल’ ने इन दोनों नई बॉलीवुड फिल्मों के मुकाबले बेहतर कमाई की। फिल्म ने शुक्रवार को 2.60 करोड़ रुपये, शनिवार को 3.35 करोड़ रुपये और रविवार को 3.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया। तीन दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन करीब 9.60 करोड़ रुपये हो गया है।
अब बात करें ‘हनुमान अंश’ की तो रिलीज के 45 दिन बाद भी फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। छठे हफ्ते में करीब 80 करोड़ रुपये का कारोबार करने के बाद फिल्म ने सातवें हफ्ते में भी मजबूत पकड़ बनाए रखी। शुक्रवार को फिल्म ने 5 करोड़ रुपये, शनिवार को 9.75 करोड़ रुपये और रविवार को खबर लिखे जाने तक 13.75 करोड़ रुपये कमाए।
इन आंकड़ों के साथ ‘हनुमान अंश’ का कुल कलेक्शन 271.88 करोड़ रुपये पहुंच गया है। फिल्म की लगातार बढ़ती कमाई को देखते हुए बॉक्स ऑफिस पर इसका जलवा अभी भी बरकरार नजर आ रहा है।