हल्द्वानी में देर रात पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, घर के इकलौते बेटे की मौत

By New31 Uttarakhand

हल्द्वानी  में कल देर रात सड़क हादसे में दमकलकर्मी की मौत हो गई। जबकि कार सवार दो युवक घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस अधिकारी पहले अस्पताल फिर मोर्चरी भी पहुंचे थे। घायल दो युवकों का एसटीएच में उपचार चल रहा है। फायरकर्मी का पोस्टमार्टम आज होगा। जवान की मौत की सूचना पाकर परिवार में शोक की लहर दौड़ गयी।

मृतक दमकल विभाग में फायरमैन के पद पर था तैनात

जानकारी के मुताबिक मूल रूप से नानकमत्ता के टुकड़ी बिछुवा निवासी नितिन राणा (30) दमकल विभाग में फायरमैन के तौर पर तैनात था। वर्तमान में उसकी पोस्टिंग  हल्द्वानी फायर स्टेशन में थी। शुक्रवार को उसके दो रिश्तेदार अनुराग राणा व रिशु राणा हल्द्वानी आए थे। तीनों ने रात को एक साथ खाना खाया। उसके बाद फायरमैन नितिन स्टेशन की तरफ दोनों को छोड़ने जा रहा था।

बताया जा रहा है कि विभागीय डाक के काम की वजह से भी उसे कोतवाली की ओर जाना था, पर मंडी बाइपास पर फायर स्टेशन से महज 50 मीटर दूर कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। घटना के बाद आसपास के लोग और फायर स्टेशन से अन्य कर्मचारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे।

जख्मी हालत में कार सवार तीनों लोगों को एसटीएच लाया गया, जहां नितिन ने दम तोड़ दिया। जबकि रिशु और अनुराग का उपचार चल रहा है। वहीं, घटना की सूचना पर सीओ बीएस धौनी और कोतवाल हरेंद्र चौधरी समेत अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंच गए थे।

घर का इकलौता चिराग बुझा

अस्पताल और मोर्चरी में जुटे साथी जवानों ने बताया कि नितिन घर का इकलौता बेटा था। उसका एक छह साल का बेटा है। मिलनसार स्वभाव का नितिन अपनी ड्यूटी को लेकर बेहद संजीदा रहता था। उसकी मौत का गम साथी जवानों के चेहरे पर साफ दिख रहा था।

Date : 28-May-2022

Penned by Reeta Joshi

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.