मौसम विभाग द्वारा देश के छह राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, राजस्थान समेत अन्य राज्यों में बारिश की आशंका

By New31 Uttarakhand

मध्यप्रदेश के आठ जिले के लिए मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, तेलंगाना के मेडक और सिद्दीपेट जिलों में रविवार को बारिश से संबंधित घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान, तटीय आंध्रप्रदेश समेत देश के छह राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां 25 जुलाई को मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, यूपी, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल सहित पहाड़ों पर बारिश की गतिविधियां अगले एक हफ्ते तक जारी रहेंगी। इस बीच, तेलंगाना मेडक और सिद्धिपेट में बारिश के कारण तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि मध्यप्रदेश और राजस्थान में नदियां उफान पर हैं।

मध्यप्रदेश के आठ जिलों में ऑरेंज अलर्ट, बड़े बांधों के दरवाजे खोले
मध्यप्रदेश के आठ जिले के लिए मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को राजधानी भोपाल समेत राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। राजधानी भोपाल में 44.6 मिमि, बैतूल में 44, पंचमढ़ी में 20, नर्मदापुरम में 13, जबलपुर में 11, मंडला में 9, नौगांव में 9, गुना व खजुराहो में 7 सहित उज्जैन, ग्वालियर, सिवनी, दमोह, मलाजखंड, खंडवा, सागर में वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश के बैतूल जिले में शुक्रवार रात से हो रही भारी बारिश का दौर शनिवार को भी रुक-रुककर जारी रहा | बारिश के चलते शाहपुर और भौंरा में नदी उफान पर होने से भोपाल-नागपुर हाइवे दोपहर से बंद हो गया है। सतपुड़ा डैम के सभी 14 गेटो कों खोलकर तवा नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। इस जिले में बारिश के कारण नागपुर-भोपाल हाइवे के शाहपुर और भौरा में नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने से दोपहर करीब तीन बजे से यातायात थम गया है। जिससे मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

तेलंगाना में बारिश के कहर से तीन लोगों की मौत, बिहार के दो मजदूर भी शामिल
तेलंगाना के मेडक और सिद्दीपेट जिलों में रविवार को बारिश से संबंधित घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। चेगुंटा के पुलिस उपनिरीक्षक प्रकाश गौड़ के अनुसार, रेड्डीपल्ली गांव में एक कमरे में एक परिसर की दीवार गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए, जहां एक कारखाने के चार कर्मचारी सो रहे थे। मृतक बिहार के मूल निवासी थे। उनकी पहचान रणबेक (55) और वीर यादव (48) के रूप में हुई।

राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट, कोटा बैराज बांध के तीन गेट खोले
राजस्थान के कई हिस्से में मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। प्रदेश में शनिवार को राजधानी जयपुर सहित कई स्थानों पर मूसलाधार वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर में पिछले चौबीस घंटों में 89 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। इसी तरह कोटा में 109, कोटा के लाडपुरा में 130, बूंदी के केशवरायपाटन में करीब सौ मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा टोंक के मोतीसागर में 108, वनस्थली में 82, झालावाड़ जिले के बाकनी एवं मनोहरथाना तथा झालरापाटन में भी जोरदार बरसात हुई।

राज्य में इस बार मानसून की अच्छी बारिश हो रही हैं और जल संसाधन विभाग के अनुसार अब तक सामान्य से 32.7 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी हैं। शनिवार तक राज्य में सामान्य वर्षा 204.30 मिलीमीटर की जगह 271.04 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी। फिलहाल, कोटा बैराज बांध के तीन गेट खोलकर 14,952 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसी तरह झालावाड़ जिले में कालीसिंध के दो गेट खोलकर 11,840 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

Date – 25 July 2022
Pennde By – Manisha

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.