सिलक्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों को बचाने के लिए मंगलवार रात भर ड्रिलिंग का काम चला। ऑगर मशीन से 800 एमएम के छह पाइप डाले जा चुके हैं। 36 मीटर तक ड्रिलिंग की जा चुकी है। सातवें पाइप की वेल्डिंग का काम चल रहा है। ड्रिलिंग सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है। अब सुरंग में करीब 20 से 22 मीटर की दूरी रह गई है। मजदूर करीब 56 मीटर अंदर हैं। ऐसे में रेस्क्यू आपरेशन के लिए आज का दिन अहम है।बचाव ऑपरेशन में तमाम एजेंसी के साथ ही पुलिसकर्मी, आईटीबीपी जवान भी जुटे हुए हैं।
बता दें की इस क्षेत्र में दिन में तो तापमान तेज धूप के बीच सामान्य रहता है लेकिन शाम को सूरज ढलते ही सर्द हवाएं चुनौती बन रहीं हैं। जगह-जगह अलाव जलाए जा रहे हैं। भारी ठंड के बावजूद बचाव दल से जुड़ी किसी भी टीम का हौसला कम नहीं है। ऑपरेशन सिलक्यारा के दौरान मंगलवार को सुबह अचानक सोशल मीडिया में भीतर की गतिविधियों की कुछ वीडियो वायरल हो गई। इस पर प्रशासन ने सख्ती कर दी है। भीतर काम कर रहे मजदूरों के अलावा कर्मचारियों और अधिकारियों को भी भीतर की वीडियोग्राफी या फोटोग्राफी से रोक दिया गया है।