उत्तरायणी मेले को लेकर बागनाथ मंदिर को फूल मालाओं से सजाया गया है। मंदिर और नगर बिजली की लड़ियों से रोशन है। मेले में 14 से 19 जनवरी की रात स्टार नाइट कार्यक्रम में पवनदीप राजन, इंदर आर्य, श्वेता मेहरा, प्रियंका महर समेत तमाम कलाकार अपने गीत और नृत्य से मेलार्थियों का मन मोहेंगे। नुमाइशखेत मैदान में झूले और चरखे लग गए हैं। नगर के विभिन्न स्थानों पर बाहरी व्यापारियों ने अपनी दुकान में सजा ली है। मेले के लिए जिला प्रशासन और नगर पालिका की ओर से भी सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।साथ ही आपको बता दें की मेले के शुभारंभ से पूर्व तहसील परिसर से नुमाइशखेत मैदान तक विविध संस्कृति की झलक दिखाती झांकी निकाली गई।
कई स्कूल के छात्र-छात्राओं और लोक कलाकारों ने झांकी में लोक संस्कृति के रंग बिखेरे।तहसील परिसर से पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने झांकी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। झांकी में सबसे आगे से कुली बेगार आंदोलन की तर्ज पर आयोजित तिरंगा यात्रा चली। हाथों में तिरंगा लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार के लोग यात्रा में शामिल थे। तिरंगा यात्रा के पीछे बालिकाओं की कलश यात्रा रवाना हुई। पारंपरिक रंग्वाली पिछौड़ा में सज-संवरकर आईं बालिकाओं ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति में कलश यात्रा के महत्व को प्रदर्शित किया।