हाकम सिंह रावत से पूछताछ, एसटीएफ को मिले अहम सबूत

यूकेएसएससी पेपर लीक मामले
By New31 Uttarakhand

यूकेएसएससी पेपर लीक मामले में एसटीएफ ने हाकम सिंह से सांकरी (उत्तरकाशी) ले जाकर पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि उसने यहां अपने गेस्ट हाउस में भी नकल का अड्डा बनाया था। यहां उसके कई और परीक्षाओं में धांधली कराने की जानकारी एसटीएफ को मिली है। वहीं, बुधवार को शिक्षक तनुज शर्मा की पुलिस कस्टडी रिमांड अवधि समाप्त होने पर एसटीएफ ने उसे सुद्धोवाला जेल में दाखिल करा दिया।

सोमवार को एसटीएफ ने हाकम सिंह रावत और शिक्षक तनुज शर्मा की पीसीआर मांगी थी। न्यायालय ने हाकम की तीन दिन और शिक्षक तनुज की दो दिन की पीसीआर मंजूर की थी। मंगलवार को दोनों को सुद्धोवाला जेल से लाकर आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई। कई और अभ्यर्थियों के बारे में भी एसटीएफ ने जानकारी हासिल की। इस दौरान कई पुराने अभ्यर्थियों की तस्दीक भी की गई। बताया जा रहा है कि एसटीएफ को कई अहम साक्ष्य हासिल हुए हैं।

एसटीएफ उसे सांकरी स्थित उसके गेस्ट हाउस में लेकर गई थी। यहां भी उसने नकल का अड्डा बनाया था। बताया जा रहा है कि उसने कई और परीक्षाओं में यहां अभ्यर्थियों को ठहराया और नकल कराई। हाकम की पीसीआर अवधि बृहस्पतिवार को समाप्त हो रही है। अब हाकम सिंह के बिजनौर कनेक्शन की पुख्ता जांच भी शुरू की जाएगी। बिजनौर में केंद्रपाल से भी एसटीएफ पूछताछ कर सकती है।

एक निगम में हुई भर्ती में भी धांधली का शक
सूत्रों के अनुसार, हाकम सिंह आयोग की ओर से कराई गई भर्तियों में धांधली लंबे समय से कराता आया है। अभी तक उसके तीन भर्तियों में धांधली कराने की जानकारी मिली है। अब एक निगम में जेई भर्ती में भी धांधली की बात सामने आ रही है। सोशल मीडिया पर भी इस तरह की खबरें चल रही हैं। इसमें एक जेई दंपती का नाम लंबे समय से सामने आ रहा है।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.