उधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर 4 साल की बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है। अपहरणकर्ताओं ने बच्ची के परिजनों से 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी है। इस अपहरण के बाद से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। उधमसिंह नगर एसएसपी मंजूनाथ टीसी बच्ची की सकुशल बरामदगी और अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए 6 टीमों का गठन किया है।
जानकारी के मुताबिक बच्ची को रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के खेड़ा से अगवा किया गया था। सूत्रों के मुताबिक परिजनों से 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई है।बच्ची के पिता पेशे से ठेकेदार हैं। खेड़ा निवासी शाहिद नवी की साढ़े चार साल की बेटी शनिवार शाम चार बजे अचानक घर से गायब हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब मासूम का कोई सुराग नहीं लग पाया, तो परिजनों ने थाने में पहुंच कर मामले की जानकारी पुलिस को दी।

जानकारी के अनुसार देर रात एक अज्ञात नंबर से शाहिद नवी को फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि सुबह 11 बजे तक बच्ची घर पहुंच जाएगी। लेकिन आज सुबह एक बार फिर अज्ञात नंबर से फोन आया और बच्ची को सकुशल छोड़ने के एवज में 15 लाख रुपए की डिमांड की गई। पुलिस सुबह से ही बच्ची की सकुशल बरामदगी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस के हाथ अहम सुराग हाथ लगे है। एसएसपी मंजू नाथ टीसी ने बताया कि बीते देर रात बच्ची के अपहरण की सूचना मिली थी। आरोपियों द्वारा परिवार से बच्ची को छोड़ने के लिए 15 लाख की डिमांड की गई थी।
Date: 13-June-2022
Penned by Reeta Joshi