एक पिता ने अपनी बेटी के लिए ऐसा तोहफा खरीदा है, जो शायद ही कोई सोचे. दरअसल अपनी बेटी को कुछ अलग देने की चाह में सूरत में एक पिता ने अपनी दो महीने की बेटी को चांद पर एक एकड़ जमीन का उपहार दिया है। सूरत के सरथाणा इलाके में रहने वाले विजय कथेरिया ने अपनी दो महीने की बेटी नित्या को उपहार के तौर पर चांद पर जमीन दी है. विजय कांच के व्यापारी हैं, जो मूल रूप से सौराष्ट्र के हैं. वे वर्तमान में सूरत के सरथाणा क्षेत्र में रहते हैं. चांद पर जमीन खरीदने के लिए उन्होंने न्यूयॉर्क इंटरनेशनल लूनार लैंड रजिस्ट्री कंपनी को ईमेल भेजा था. आवेदन को कंपनी द्वारा स्वीकार कर लिया गया।
बेटी को देना चाहते थे खास उपहार
विजय कथेरिया के घर दो महीने पहले ही नन्हीं नित्या का जन्म हुआ था. बेटी के जन्म के समय ही विजय कथेरिया ने सोच लिया था कि वह अपनी बेटी को कुछ खास तोहफा देंगे. तब नित्या के पिता ने अपनी बेटी को एक ऐसा उपहार देने का फैसला किया, लेकिन वह उपहार अन्य उपहारों से कहीं अलग और खास था।
कंपनी से संपर्क कर पूरी की प्रक्रिया
विजय कथेरिया ने न्यूयॉर्क इंटरनेशनल लूनार लैंड रजिस्ट्री नामक कंपनी से संपर्क किया और 13 मार्च को चंद्रमा पर जमीन खरीदने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया. एक एकड़ भूमि की खरीद के लिए आवेदन को कंपनी द्वारा स्वीकार कर लिया गया. इसके बाद कंपनी ने सभी कानूनी कार्रवाई पूरी की और विजय कथेरिया को जमीन खरीदने की मंजूरी मिलने का ईमेल किया. इसके बाद उन्हें कंपनी ने इससे जुड़े सभी कागजात भेजे।

चांद पर जमीन खरीदने वाले पहले व्यापारी
गौरतलब है कि विजय कथेरिया चांद पर जमीन खरीदने वाले पहले व्यापारी हैं. हालांकि नित्या शायद दुनिया की सबसे कम उम्र की लड़की है, जिसके नाम पर चांद पर अपनी जमीन है. यह दावा किया गया है कि आने वाले दिनों में कंपनी द्वारा आधिकारिक तौर पर इस दावे की घोषणा की जाएगी।
Date :09-June-2022
Penned by Reeta Joshi