
डीआइटी विश्वविद्यालय देहरादून की पूर्व छात्रा अवंतिका को अमेजन में 1.25 करोड़ का वार्षिक पैकेज मिला है। यह नौकरी हासिल कर के अवंतिका ने एक नया मानक स्थापित किया है। अवंतिका उत्तर प्रदेश के शामली की रहने वाली हैं। उन्होंने वर्ष 2020 में डीआइटी विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि प्राप्त की, जिसके बाद उन्होंने द स्टेट यूनिवर्सिटी आफ न्यूयार्क, संयुक्त राज्य अमेरिका से डाटा साइंस में मास्टर डिग्री हासिल करने का फैसला किया ।
अवंतिका को अपनी नौकरी की शुरुआत अमेजन के मुख्यालय वाशिंगटन में अगस्त से करनी है। अवंतिका व उनके स्वजनो को इस उपलब्धि के बाद विश्वविद्यालय परिसर में आमंत्रित किया गया और कुलपति प्रो. जी. रघुरामा ने उन्हें सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने अवंतिका को अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक सफर के लिए सुझाव भी दिए। अवंतिका ने कहा कि डीआइटी में उन्होंने सही मायने में कल्पना करना, आकांक्षा करना और हासिल करना सीखा। डीआइटी को चुनना उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण फैसला साबित हुआ। तकनीकी दुनिया की चुनौतियों का सामना करने के लिए उनमें आत्मविश्वास पैदा करने के लिए करियर डेवलपमेंट सेल और करियर सर्विसेज सेल को उन्होंने धन्यवाद दिया।
Date : 28-May-2022
Penned by Reeta Joshi