पाकिस्तान के कुछ शोज भारत में भी काफी पसंद किए जाते हैं। ओटीटी और यूट्यूब पर उपलब्धता के चलते इन्हें अब भारत में भी ज्यादा देखा जाने लगा है। ‘तेरे बिन’, ‘मेरे हमसफर’ और ‘कैसी तेरी खुदगर्जी है’ जैसे कई शोज के बाद एक और शो तेजी से वायरल हो रहा है। यह यूट्यूब की ट्रेंडिंग लिस्ट का हिस्सा है और भारत में काफी लोकप्रिय हो रहा है। इस ड्रामा का नाम है- ‘कभी मैं कभी तुम’। आइए जानते हैं कि हानिया आमिर स्टारर इस शो को दुनियाभर में अब तक कितने व्यूज मिल चुके हैं और कौन से पाकिस्तानी कलाकार दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं…पाकिस्तानी होस्ट, निर्माता और अभिनेता फहाद मुस्तफा ने इस शो के जरिए 10 साल बाद एक्टिंग में वापसी की है। इस समय फहाद ड्रामा ‘कभी मैं कभी तुम’ में ‘मुस्तफा’ के रूप में अपनी भूमिका के लिए सुर्खियों में हैं। उनके अपोजिट हानिया आमिर हैं।
अभिनेत्री इस शो में ‘शरजीना’ का किरदार निभा रही हैं। कभी मैं कभी तुम’ शो को अब तक 650 मिलियन यानी 65 करोड़ व्यूज मिल चुके हैं। यह यूट्यूब की ट्रेंडिंग लिस्ट का भी हिस्सा है। यह तब हुआ है, जब 22 एपिसोड के बाद ही इस ड्रामा ने 50 करोड़ व्यूज हासिल कर लिए थे। यानी कुछ ही हफ्तों में इसे लगभग 15 करोड़ व्यूज मिल गए हैं। यह शो अब 1 बिलियन व्यूज क्लब में प्रवेश करने की राह पर है। गूगल सर्च के आंकड़े बताते हैं कि इस शो की लॉन्चिंग के समय यानी 2 जुलाई से इसे भारत में काफी सर्च किया गया है। इसकी भारत में सर्च 17 सितंबर को पीक पर थी। इसी वक्त शो का 21वां -22वां एपिसोड रिलीज हुआ था। पिछले 90 दिनों की बात करें तो इसे भारत में सबसे ज्यादा जम्मू-कश्मीर और फिर दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब में सर्च किया गया।