उत्तराखंड लोक सभा चुनाव 2024 की 5 सीटों के लिए एक ही चरण में वोटिंग होनी है। यहां पहले चरण में 19 अप्रैल को टिहरी गढ़वाल, गढ़वाल, अल्मोड़ा, नैनीताल-उधमसिंह नगर और हरिद्वार सीटों पर वोटिंग होगी। बता दें कि लोकसभा का कार्यकाल 16 जून 2024 को समाप्त होने वाला है। 18वीं लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी पूरे देशभर में चल रही है। इसी बीच लोक सभा चुनाव 2024 भारत निर्वाचन आयोग की मशीनरी ने टिहरी लोकसभा सीट से उम्मीदवार भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह और कांग्रेस प्रत्याशी जोत सिंह गुनसोला को नोटिस जारी किया है।
बता दे मीडिया प्रमाणन एवं अनुवीक्षण समिति के सदस्य सचिव/ जिला सूचना अधिकारी की ओर से नोटिस जारी किया गया है। जिसमे कहा गया है की जिस फेसबुक आईडी का उल्लेख नामांकन के दौरान किया गया, उससे भिन्न फेसबुक आईडी का भी प्रयोग किया जा रहा है। जो आयोग को नियम का उल्लंघन लग रहा है। साथ ही नामांकन के दौरान सही जानकारी न देना प्रत्याशी की ओर से भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश का उल्लंघन प्रतीत हो रहा है।
वही भाजपा प्रत्याशी की एक आइडी में अंग्रेजी के बड़े अक्षर हैं, जबकि दूसरी आइडी में नाम के शुरुआती अक्षर ही बड़े हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस प्रत्याशी की एक आईडी में नाम जोत सिंह गुनसोला है और दूसरी आईडी में सिर्फ जोत सिंह दर्ज है। लिहाजा, इस जानकारी को नोडल अधिकारी निर्वाचन व्यय कार्यालय को भेज दिया गया है। ताकि इन्हें प्रत्याशियों के खर्चों में शामिल किया जा सके।