उत्तराखंड में हर तरफ जले दीप

By New31 Uttarakhand

अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान देवभूमि उत्तराखंड में भी भव्य उत्सव मनाया गया। सुबह से ही राजधानी दून से लेकर सभी जिलों का माहौल राममय हो गया। सुबह से शाम तक गुलाल, बोनफायर आदि से होली जैसा माहौल रहा तो शाम ढलते ही पटाखों से दून गूंज उठा। घरों में लगी इलेक्ट्रॉनिक झालरें और दीयों से दिवाली-सा उत्सव रहा। वहीं, लोगों ने दीप जलाकर रामलला का स्वागत किया।देहरादून में चकराता रोड, घंटाघर, पलटन बाजार, हनुमान चौक, मोती बाजार , गोपीनाथ मंदिर, टपकेश्वर मंदिर, पृथ्वीनाथ मंदिर ही नहीं पूरे शहर में भव्य उत्सव मनाया गया। हरिद्वार में श्रीगंगा सभा की ओर से हरकी पैड़ी पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया।

दिनभर कई तरह के आयोजन किए गए जिससे पूरा शहर राममय हो गया। शाम को हरकी पैड़ी पर दीप जलाए गए। साथ ही आतिशबाजी की गई। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी गंगा पूजन कर दीपदान किया।वहीं, ऋषिकेश और विकासनगर में प्रभु श्री राम के प्रति अपनी अटूट आस्था को प्रकट करने के लिए सड़कों पर राम भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने राम यात्रा निकालकर जय श्री राम के नारे लगाए। घंटों तक आतिशबाजी का दौर चलता रहा।शाम को पहाड़ से मैदान तक दीप जलाए गए। केदारनाथ धाम सहित जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग और अन्य कस्बों, गांवों में भव्य झांकी निकाली गई। साथ ही मंदिरों में कीर्तन-भजन का आयोजन कर भंडारा का आयोजन किया गया। वहीं, उत्तरकाशी के बड़कोट में राजा रघुनाथ महाराज मंदिर को भी सजाया और पूजा की गई।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.