रुड़की में सब्जियों के दाम एक बार फिर बढ़ने से आम लोगों और गृहणियों की रसोई का बजट बिगड़ने लगा है। सिविल लाइंस क्षेत्र में सोमवार को प्याज 60 रुपये किलो तक पहुंच गया, जबकि शिमला मिर्च और फूलगोभी 100 रुपये किलो बिक रही हैं। सबसे ज्यादा चौंकाने वाला भाव हरे धनिये का रहा, जो 300 रुपये किलो तक पहुंच गया। इसके अलावा आलू 20, टमाटर 40, तोरी और खीरा 60, करेला 80, हरी मिर्च 70 और अदरक 150 रुपये किलो तक बिका। हालांकि आलू और टमाटर के दाम अपेक्षाकृत स्थिर रहने से लोगों को थोड़ी राहत है।
सब्जी विक्रेताओं के मुताबिक, मंडी में आवक और मौसम का सीधा असर सब्जियों की कीमतों पर पड़ रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगह सब्जियां खराब हो रही हैं, जबकि कुछ सब्जियों की आवक कम होने से उनके दाम तेजी से बढ़े हैं। गृहणियों का कहना है कि अगर आने वाले दिनों में कीमतें और बढ़ती हैं तो इसका सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ेगा। वहीं कारोबारियों को उम्मीद है कि मंडी में आवक बढ़ने के बाद कुछ सब्जियों के दाम में कमी आ सकती है।