हल्द्वानी के मंगल पड़ाव में युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह मंगल पड़ाव में मछली मार्केट के पास दुकानदारों को एक युवक का शव दिखाई दिया, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई। वहीं मंगल पड़ाव चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव कब्जे में ले लिया, इस बीच मृतक युवक की पहचान 23 वर्षीय सूरज जोशी पुत्र रघुवर दत्त जोशी के रूप में हुई। मौके पर मृतक के परिजन भी पहुंच गए, प्रारंभिक जांच पड़ताल के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि युवक की मौत अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुई होगी। जबकि मृतक के परिजन इसे हत्या मान रहे हैं उनका कहना है कि सूरज के गले में चोट के निशान हैं।
साथ ही शरीर में भी वाहन के टायर चलाने के निशान देखे गए हैं,इतना ही नहीं वह रात 15 हजार की नगदी लेकर गया था, लेकिन उसके पास से महज 1700 रूपये बरामद हुए हैं। नगदी के साथ ही मोबाइल फोन भी गायब है।उनका आरोप है कि सूरज की हत्या कर शव यहां फेंका गया है। बहरहाल मामले में अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी गई है। इधर पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा,इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।