साउथ सुपरस्टार यश एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार हैं। उनकी मच अवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी यह फिल्म 26 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म की एडवांस बुकिंग 21 अगस्त से शुरू होगी।
बताया जा रहा है कि ‘टॉक्सिक’ को दुनियाभर में करीब 12 हजार स्क्रीन्स पर रिलीज करने की तैयारी है, हालांकि स्क्रीन्स की यह संख्या अभी आधिकारिक तौर पर कन्फर्म नहीं हुई है। फिल्म ने भारत के साथ-साथ इंटरनेशनल मार्केट में भी अपना डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क तैयार कर लिया है।
‘टॉक्सिक’ को मिला A सर्टिफिकेट
फिल्म की रिलीज से पहले इसके सेंसर सर्टिफिकेट को लेकर भी जानकारी सामने आई है। ‘टॉक्सिक’ को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन यानी CBFC ने ‘A’ सर्टिफिकेट दिया है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कुछ बदलाव करने के निर्देश भी दिए हैं।
फिल्म का रनटाइम करीब 3 घंटे 14 मिनट बताया जा रहा है। इतनी लंबी अवधि के चलते ‘टॉक्सिक’ हाल के समय की लंबी फिल्मों में शामिल हो गई है।
अलग-अलग राज्यों में अलग डिस्ट्रीब्यूशन
‘टॉक्सिक’ के डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी अलग-अलग कंपनियों को दी गई है। कर्नाटक में KVN प्रोडक्शंस, केरल में पैनोरमा फिल्म्स और आंध्र प्रदेश-तेलंगाना में श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स फिल्म को डिस्ट्रीब्यूट करेगी। उत्तर भारत और नेपाल में एए फिल्म्स डिस्ट्रीब्यूशन संभालेगी।
वहीं तमिलनाडु में थिंक स्टूडियोज, एस पिक्चर और व्हाइट नाइट्स फिल्म को रिलीज करेंगे। विदेशी बाजारों में भारतीय भाषाओं वाले वर्जन का डिस्ट्रीब्यूशन फार्स फिल्म और अंग्रेजी वर्जन का इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन लायंसगेट संभालेगा।
गैंगस्टर की कहानी है ‘टॉक्सिक’
‘टॉक्सिक’ की कहानी आजादी के बाद के गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म में यश एक गैंगस्टर के किरदार में नजर आएंगे, जिसकी दुनिया हिंसा, वफादारी, जलन और बदलते रिश्तों के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में नैतिकता और व्यक्तिगत बदलाव जैसे पहलुओं को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है।
यश के साथ नजर आएगी बड़ी स्टारकास्ट
फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत, सुदेव नायर, बालाजी मनोहर और अक्षय ओबेरॉय समेत कई कलाकार नजर आएंगे। ‘टॉक्सिक’ ‘KGF Chapter 2’ के बाद यश की पहली थिएटर रिलीज होगी। फिल्म को KVN प्रोडक्शंस और यश की Monster Mind Creations ने प्रोड्यूस किया है।
अब 26 अगस्त को रिलीज के साथ यह देखना दिलचस्प होगा कि यश की ‘टॉक्सिक’ बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा धमाका करती है।