भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI जल्द देश में करेंसी व्यवस्था में बड़ा बदलाव कर सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कागज से बने नोटों की जगह अब पॉलीमर यानी प्लास्टिक नोट लाने की तैयारी पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। हाल ही में RBI की बोर्ड बैठकों में इस विषय पर चर्चा हुई है। पॉलीमर नोट सामान्य कागजी नोटों की तुलना में ज्यादा टिकाऊ, सुरक्षित और लंबे समय तक चलने वाले माने जाते हैं। ये नोट आसानी से फटते नहीं हैं, पानी में खराब नहीं होते और बार-बार इस्तेमाल के बावजूद जल्दी खराब नहीं पड़ते। इसके अलावा इनमें एडवांस सिक्योरिटी फीचर्स होने की वजह से नकली नोटों पर भी काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।
दुनिया के कई देशों में पहले से ही पॉलीमर नोटों का इस्तेमाल किया जा रहा है और वहां इनके अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं। भारत में भी बढ़ती करेंसी डिमांड, जल्दी खराब हो जाने वाले नोटों की समस्या और नकली नोटों के खतरे को देखते हुए RBI इस दिशा में कदम बढ़ा सकता है। सूत्रों के मुताबिक पहले चरण में कुछ चुनिंदा मूल्यवर्ग के नोटों पर पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जा सकता है। अगर यह सफल रहता है तो आने वाले वर्षों में देश की करेंसी पूरी तरह बदल सकती है। ऐसे में अब सवाल यही है कि क्या भारत जल्द ही कागज के नोटों को अलविदा कहकर प्लास्टिक करेंसी के नए दौर में प्रवेश करने जा रहा है?