इरफान खान की पुण्यतिथि पर भावुक हुईं पत्नी सुतापा!

इरफान खान की पुण्यतिथि पर भावुक हुईं पत्नी सुतापा
By New31 Uttarakhand

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता इरफान खान की आज छठी पुण्यतिथि है। इस मौके पर उनकी पत्नी सुतापा सिकदर ने एक बार फिर उन्हें भावुक अंदाज में याद किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपने दिवंगत पति की यादों को ताजा किया।

दरअसल, लेखक योगेश भारद्वाज द्वारा लिखी गई एक भावनात्मक कविता को सुतापा ने रीशेयर किया है। इस कविता में इरफान खान के व्यक्तित्व, उनके संघर्ष और उनके अद्भुत हुनर को बेहद खूबसूरती से बयां किया गया है। पोस्ट की पंक्तियां कुछ यूं हैं—
“मैं भटका सा राही, मुझे वो दर दिखता था। मैंने जिधर देखना चाहा, वो उधर दिखता था…”

कविता में आगे उनके धैर्य, कला और इंसानियत की झलक देखने को मिलती है। यह शब्द इरफान के जीवन और उनके अभिनय की गहराई को दर्शाते हैं, जिसने लाखों दिलों को छुआ।

इरफान खान को हिंदी सिनेमा के सबसे प्रतिभाशाली अभिनेताओं में गिना जाता है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टेलीविजन से की थी और ‘श्रीकांत’, ‘चाणक्य’, ‘चंद्रकांता’ और ‘जय हनुमान’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया।

फिल्मी दुनिया में उन्होंने सलाम बॉम्बे से कदम रखा और आगे चलकर हासिल, पान सिंह तोमर और मकबूल जैसी यादगार फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया।

साल 2018 में इरफान खान को न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर नामक दुर्लभ कैंसर का पता चला था। करीब दो साल तक इस बीमारी से जूझने के बाद 29 अप्रैल 2020 को उनका निधन हो गया।

आज भी इरफान खान की यादें, उनकी फिल्में और उनका बेमिसाल अभिनय दर्शकों के दिलों में जिंदा है। उनकी पुण्यतिथि पर फैंस और फिल्मी जगत के लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.