पश्चिम एशिया की जमीन इन दिनों बारूद की गंध से भरी हुई है। इज़राइल और अमेरिका की ओर से ईरान पर जारी सैन्य हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई का मंगलवार को चौथा दिन है। दोनों देशों की संयुक्त बमबारी तेज हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिया है कि यह सैन्य अभियान चार से पांच सप्ताह तक चल सकता है। पूरे क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं और तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
आईआरजीसी के पांच जवानों की मौत
ईरानी मीडिया और इस्लामिक स्टूडेंट्स न्यूज़ एजेंसी (आईएसएनए) की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य प्रांत बुशहर के जाम और दिर शहरों पर हुए अमेरिकी-इस्राइली हमलों में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की वायु सेना और नौसेना के पांच जवान मारे गए हैं। हमलों में सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया, जिससे क्षेत्र में स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर वैश्विक बाजारों पर भी दिखाई दे रहा है। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 2.2 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। हालांकि सोमवार को आई तेज उछाल के बाद बाजार में कुछ नरमी देखने को मिली, जब अमेरिका ने घरेलू ऊर्जा कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए कदम उठाने के संकेत दिए। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि संघर्ष लंबा खिंचता है तो ऊर्जा बाजार में और अस्थिरता आ सकती है।
सऊदी अरब और कुवैत में अमेरिकी दूतावास बंद
रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर हमले के बाद सऊदी अरब में सभी कांसुलर सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित कर दी गई हैं। आधिकारिक बयान के अनुसार, 3 मार्च को दूतावास बंद रहेगा और सभी नियमित तथा आपातकालीन अमेरिकी नागरिक सेवाओं की नियुक्तियां रद्द कर दी गई हैं। जेद्दा, रियाद और धाहरान में आश्रय स्थल संबंधी निर्देश यथावत रखे गए हैं तथा वहां रह रहे अमेरिकी नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
इसी तरह कुवैत में भी अमेरिकी दूतावास को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। यह कदम ईरान द्वारा कुवैत पर हमलों के बाद उठाया गया, जब दूतावास परिसर से धुआं उठता देखा गया था। दूतावास ने क्षेत्रीय तनाव को देखते हुए सभी कांसुलर सेवाएं रद्द करने की घोषणा की है।
इज़राइल के हमले और लेबनान में धमाके
इज़राइली सैन्य प्रवक्ता अविचाई अद्राई के अनुसार, इज़राइल की वायु सेना ईरान की हवाई रक्षा प्रणाली को निशाना बनाते हुए लगातार अभियान चला रही है। रडार सिस्टम, मिसाइल लॉन्चर और बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपण प्लेटफार्मों से जुड़े ठिकानों पर हमले किए गए हैं।
इस बीच, हिज़्बुल्लाह के हमलों के जवाब में लेबनान की राजधानी बेरूत में नए धमाकों की खबर है। इज़राइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने दक्षिणी लेबनान में 50 से अधिक स्थानों को खाली करने के आदेश जारी करने के बाद हमलों का नया दौर शुरू किया।
क्षेत्र में गहराता संकट
पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते घटनाक्रम ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह संघर्ष लंबा चला तो न केवल क्षेत्रीय स्थिरता बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी गहरा असर पड़ सकता है। फिलहाल सभी की निगाहें आने वाले दिनों में होने वाले सैन्य और कूटनीतिक कदमों पर टिकी हैं।