फिल्मी दुनिया के चर्चित कपल विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना अब आधिकारिक तौर पर पति-पत्नी बन चुके हैं। दोनों ने 26 फरवरी को उदयपुर में एक निजी समारोह में सात फेरे लेकर अपने रिश्ते को नया नाम दिया। लंबे समय से फैंस को इस पल का इंतजार था, और जैसे ही शादी की पहली तस्वीरें सामने आईं, सोशल मीडिया पर मानो तूफान आ गया।
शादी की पहली पोस्ट बनी एशिया की सबसे ज्यादा लाइक की गई पोस्ट
रश्मिका मंदाना ने 26 फरवरी को इंस्टाग्राम पर शादी की खूबसूरत तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने विजय के लिए एक भावुक और दिल छू लेने वाला संदेश भी लिखा। पोस्ट सामने आते ही फैंस ने जमकर प्यार बरसाया।
देखते ही देखते पोस्ट पर लाइक्स की संख्या 23.5 मिलियन तक पहुंच गई। इसके साथ ही यह पोस्ट एशिया में सबसे ज्यादा लाइक की जाने वाली पोस्ट बन गई।
विराट कोहली का रिकॉर्ड टूटा
इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली के नाम था। उनकी आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीत के बाद की इंस्टाग्राम पोस्ट को 22.9 मिलियन लाइक्स मिले थे।
हालांकि विराट कोहली के इंस्टाग्राम पर 274 मिलियन फॉलोअर्स हैं, जो किसी भी भारतीय के लिए सबसे अधिक हैं, लेकिन लाइक्स के मामले में अब रश्मिका की शादी की पोस्ट ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है।
एयरपोर्ट पर दिखी नई नवेली जोड़ी
शादी के बाद रश्मिका और विजय पहली बार शादीशुदा जोड़े के रूप में एयरपोर्ट पर नजर आए। रश्मिका लाल रंग के अनारकली सूट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। मांग में सिंदूर और गले में मंगलसूत्र के साथ उनका नया अंदाज फैंस को काफी पसंद आया।
वहीं विजय सफेद शॉर्ट कुर्ता और पैंट में नजर आए। दोनों ने पैपराजी को मुस्कुराते हुए पोज दिए और बधाइयों के लिए हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया। इतना ही नहीं, कपल ने फैंस और फोटोग्राफर्स को फ्लाइंग किस भी दिया।
इस दौरान जब एक पैपराजी ने अभिनेत्री को ‘रश्मिका देवरकोंडा’ कहकर पुकारा, तो वह शरमा गईं और मुस्कुराने लगीं।
शादी की तस्वीरों से लेकर सोशल मीडिया रिकॉर्ड तक, विजय और रश्मिका की जोड़ी इस समय इंटरनेट पर छाई हुई है। फैंस के बीच ‘विरोश’ की दीवानगी साफ तौर पर देखी जा सकती है।