अल्मोड़ा जिले में दो साल पहले सेना भर्ती में शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण युवाओ की लिखित परीक्षा नहीं होने से युवाओ में आक्रोश है | जिले के पुराने कलक्ट्रेट परिसर में युवाओं ने पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया | इस दौरान सेना भर्ती में शारीरिक परीक्षा पास कर चुके युवाओं ने कहा कि करीब दो साल पहले रानीखेत में सेना भर्ती हुई थी, जिसमें ढाई हजार से अधिक युवाओं ने शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण की | उन्हें उम्मीद थी कि जल्द भर्ती प्रक्रिया होगी और सेना में सेवा करने का मौका मिलेगा | लेकिन दो साल बीतने के बाद भी भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है | ऐसे में लिखित परीक्षा के बारे में कोई जानकारी ही नही है | जिससे युवा बेरोजगारों का भविष्य अंधकार में हो गया है | वहीँ उनके पास रोजगार के अन्य विकल्प भी नहीं है | कई युवा बेरोजगार अधिक उम्र के होने से अब सेना भर्ती के लायक नहीं रह गए हैं, ऐसे में अगर जल्द भर्ती शुरू नहीं होती तो हम लोग भी सेना भर्ती में शामिल नही हो पाएंगे | उन्होंने कहा कि सरकार को जगाने के लिए 8 मई को चौघानपाटा में युवा धरना प्रदर्शन करेंगे |
पहाड़ पर सेना में जाने का एक अलग ही जुनून होता है। यहां पर हर तीसरे घर में फौजी होता है। पर कोरोना काल से सेना भर्ती परीक्षा नहीं हो रही है। इससे युवा परेशान हैं। उनका कहना है कि ओवरएज होने पर उनका भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। चुनाव के दौरान युवा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से भी सेना में भर्ती परीक्षा कराने की गुहार लगा चुके हैं। युवाओं का कहना है कि यदि जल्द परीक्षा को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया तो वह आंदोलन को बाध्य होंगे।
Date : 6-मई-2022
Penned by Reeta Joshi