अभिनेता से नेता बने की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही चर्चा में आ गई है। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, लेकिन चेन्नई के कुछ सिनेमाघरों में इसकी स्क्रीनिंग अचानक रोक दिए जाने से हड़कंप मच गया। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, चेन्नई के एम्पा मॉल स्थित पीवीआर सिनेमाज में सुबह 9:25 बजे के शो के दौरान पुलिस अधिकारियों ने जांच के दौरान पाया कि ‘ए’ सर्टिफिकेट वाली फिल्म के शो में 18 वर्ष से कम उम्र के कुछ बच्चे मौजूद थे। इसके बाद नियमों का उल्लंघन मानते हुए पुलिस ने स्क्रीनिंग को बीच में ही रुकवा दिया। इसी तरह की कार्रवाई शहर के कुछ अन्य सिनेमाघरों में भी देखने को मिली।
दरअसल, फिल्म में हिंसा और चाइल्ड एब्यूज से जुड़े संवेदनशील दृश्य होने के कारण केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने इसे ‘ए’ (Adults Only) सर्टिफिकेट दिया है। इस श्रेणी की फिल्मों को केवल 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के दर्शक ही देख सकते हैं।
स्क्रीनिंग अचानक रोके जाने के बाद कई सिनेमाघरों में दर्शकों और थिएटर स्टाफ के बीच बहस और कहासुनी की स्थिति भी बन गई। इसका असर उन दर्शकों पर भी पड़ा, जो नियमों के तहत फिल्म देखने पहुंचे थे। कई फैंस ने सोशल मीडिया पर स्क्रीनिंग रुकने की जानकारी साझा करते हुए नाराजगी और निराशा जाहिर की।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और फिल्म के साथ-साथ सिनेमाघरों में नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।