दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर ‘स्पाइडर मैन: ब्रांड न्यू डे’ की शानदार कमाई के बीच मार्वल स्टूडियोज ने फैंस को एक और बड़ी खुशखबरी दी है। मार्वल स्टूडियोज के प्रमुख केविन फीग ने आधिकारिक तौर पर ‘स्पाइडर मैन 5’ की घोषणा कर दी है। इस ऐलान के बाद दुनियाभर में स्पाइडर मैन के प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
फिल्म के निर्माण को लेकर निर्माता एमी पास्कल ने भी कई अहम संकेत दिए हैं। उन्होंने बताया कि टीम अगले प्रोजेक्ट की तैयारियों में जुट चुकी है और फिल्म को लेकर लगातार योजनाएं बनाई जा रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो निर्देशक डेस्टिन डैनियल क्रेटन एक बार फिर इस फ्रेंचाइजी का निर्देशन करते नजर आ सकते हैं।
एक इंटरव्यू में एमी पास्कल ने कहा कि, “योजनाएं हमेशा बनी रहती हैं और हमारी टीम पहले से ही अगले प्रोजेक्ट पर काम कर रही है।” वहीं, जब उनसे डेस्टिन डैनियल क्रेटन की वापसी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “अगर डेस्टिन हमारी बात मान जाएं, तो यह जरूर होगा।”
हालांकि, इस घोषणा के साथ एक ऐसी खबर भी सामने आई है जिसने फैंस को हैरान कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टॉम हॉलैंड फिलहाल अगले स्पाइडर मैन प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं होंगे। बताया जा रहा है कि टॉम अपने व्यस्त वर्ल्ड टूर के बाद कुछ समय के लिए अभिनय से ब्रेक लेना चाहते हैं। इस दौरान वह अपनी गर्लफ्रेंड जेंडाया के साथ निजी समय बिताने की योजना बना रहे हैं।
हालांकि, मार्वल स्टूडियोज की ओर से अभी तक टॉम हॉलैंड की वापसी या नए स्पाइडर मैन को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या टॉम हॉलैंड भविष्य में फिर से स्पाइडी के किरदार में लौटेंगे या मार्वल इस बार किसी नए चेहरे के साथ दर्शकों को चौंकाएगा।
फिलहाल इतना तय है कि ‘स्पाइडर मैन 5’ की आधिकारिक घोषणा ने सुपरहीरो फिल्मों के प्रशंसकों की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है। अब सभी की नजर मार्वल स्टूडियोज की अगली आधिकारिक अपडेट पर टिकी हुई है, जिसमें फिल्म की स्टारकास्ट, कहानी और रिलीज डेट से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं।