उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में देवरिया ताल-चोपता ट्रैक पर सोमवार को जंगल में आग लगने से रास्ता भटक गए तीन ट्रैकरों को एसडीआरएफ तथा वन विभाग की टीमों ने सुरक्षित ढूंढ निकाला। एसडीआरएफ के अधिकारियों ने बताया कि तीनों ट्रैकर जंगल में आग लगने के कारण रास्ता भटक गए थे। तीन ट्रेकर्स में से एक चोट लगने के कारण रास्ते में रुक गया जबकि एक अन्य उसकी सहायता के लिए साथ में रुका रहा। तीसरा ट्रैकर मदद मांगने के लिए नीचे आया लेकिन रास्ते में उसके पैर में भी चोट लग गई। ट्रैकरों के रास्ता भटकने की सूचना मिलते ही जिला DDRF और वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक पर दो ट्रैकरों को ढूंढ लिया जबकि तीसरे व्यक्ति को खोजने की जिम्मेदारी एसडीआरएफ ने उठाई।

निरीक्षक कर्ण सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम ने लगभग आठ किलोमीटर का पैदल सफर तय कर राजस्थान के उदयपुर के रहने वाले घायल व्यक्ति अधिराज चौहान को घने जंगल से ढूंढ निकाला। टीम ने घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देकर कड़ी मशक्कत करते हुए स्ट्रेचर की सहायता से मुख्य मार्ग तक पहुंचाया जहां से उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया एसडीआरएफ ने बताया कि अन्य दो ट्रेकर्स को भी सुरक्षित नीचे लाए जाने के लिए आपदा प्रबंधन और वन विभाग की टीम की सहायता के लिए एसडीआरएफ की एक अन्य टीम को सोनप्रयाग से मौके के लिए रवाना किया ।
