नई दिल्ली: गैस सिलिंडर की लगातार बढ़ती कीमतों और घटती आपूर्ति का असर अब सीधे आम जनता और छोटे दुकानदारों की जेब पर पड़ने लगा है। खासतौर पर चाय-नाश्ते और छोटे खाद्य स्टॉल संचालक अपने उत्पादों के दाम बढ़ाने को मजबूर हैं।
पहले 10 रुपये में मिलने वाली चाय अब 15 रुपये में बिक रही है, जबकि समोसे का दाम 15 रुपये से बढ़कर 18 रुपये हो गया है। इसी तरह, बिरियानी की हाफ प्लेट की कीमत 30 रुपये से बढ़कर 40 रुपये और फुल प्लेट 50 रुपये से 60 रुपये हो गई है।
गैस की कमी के कारण कई छोटे दुकानदार पारंपरिक तरीकों की ओर लौट रहे हैं। अब लकड़ी और कोयले पर खाना बनाकर उसे दुकान पर लाया और गर्म करके बेचा जा रहा है।
बड़े होटल और कैफे गैस सिलिंडर का स्टॉक रख पाते हैं, लेकिन छोटे दुकानदारों के पास यह सुविधा नहीं होती, जिससे उन्हें अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
गैस की लगातार कमी और बढ़ती कीमतों के चलते कई छोटे ठेले और टपरी संचालक अपनी दुकानें बंद करने की स्थिति में हैं। इससे न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि आम लोगों के लिए रोजमर्रा की चीजों की कीमतें भी बढ़ रही हैं।