उत्तराखंड में राहुल गांधी की हुंकार,रैलियों से बदलेंगे चुनावी माहौल!

उत्तराखंड में राहुल गांधी की हुंकार,रैलियों से बदलेंगे चुनावी माहौल!
By New31 Uttarakhand

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi का आगामी उत्तराखंड दौरा कांग्रेस के लिए कई मायनों में बेहद खास माना जा रहा है। करीब चार साल बाद राहुल गांधी राज्य के दौरे पर आ रहे हैं और ऐसे समय में उनका यह कार्यक्रम हो रहा है, जब प्रदेश में आगामी चुनावों की तैयारियां तेज हो चुकी हैं। चार और पांच जून को प्रस्तावित इस दो दिवसीय दौरे से कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है।चार जून को राहुल गांधी अल्मोड़ा में बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे, जबकि दोपहर में पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में हिस्सा लेकर सैनिकों और उनके परिवारों से संवाद करेंगे। उत्तराखंड को सैनिक बाहुल्य राज्य माना जाता है और यहां बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक तथा उनके परिवार रहते हैं। ऐसे में राहुल गांधी का पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होना राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कांग्रेस इस कार्यक्रम के जरिए सैनिक समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगी।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में होने वाली ये रैलियां कांग्रेस के लिए चुनावी शंखनाद साबित हो सकती हैं। लंबे समय से संगठनात्मक चुनौतियों से जूझ रही कांग्रेस को राहुल गांधी के दौरे से कार्यकर्ताओं में उत्साह और एकजुटता का संदेश मिलेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी इसे पार्टी के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया है।राहुल गांधी का यह दौरा सिर्फ जनसभाओं तक सीमित नहीं रहेगा। पांच जून को देहरादून में वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व मंत्रियों, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और अनुषांगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति, संगठन की मजबूती और जमीनी फीडबैक पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि कांग्रेस हाईकमान राज्य में संगठन को सक्रिय मोड में लाने के लिए इस दौरे को अहम कड़ी के रूप में देख रहा है।इस दौरे का असर भाजपा और कांग्रेस दोनों की राजनीति पर पड़ सकता है। एक ओर कांग्रेस इसे जनसमर्थन जुटाने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने का अवसर मान रही है, वहीं भाजपा भी राहुल गांधी के कार्यक्रमों पर नजर बनाए हुए है।

खासतौर पर पूर्व सैनिकों और युवाओं के बीच कांग्रेस किस हद तक अपनी पकड़ मजबूत कर पाती है, यह आने वाले समय में राज्य की राजनीति को प्रभावित कर सकता है।उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय बाद हो रहा राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस के लिए शक्ति प्रदर्शन के साथ-साथ संगठन को नई दिशा देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।बता दें की इस दौरे को लेकर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा, पार्टी नेता राहुल गांधी के दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा संचार होगा। कांग्रेस पार्टी दो दिवसीय दौरे की तैयारियों में जुट गई है। पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन में राहुल गांधी पूर्व सैनिकों की समस्याओं, अग्निवीर भर्ती समेत अन्य मुदों पर संवाद करेंगे।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.