प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 मई को यूरोप दौरे के लिए रवाना होंगे | यह साल 2022 में उनकी पहली विदेश यात्रा होगी | इस 3 दिवसीय यूरोप यात्रा के दौरान वे 3 देशों जर्मनी, डेनमार्क और फ्रांस जाएंगे और 25 कार्यक्रमों में शामिल होंगे | पीएमओ से मिली जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी इस दौरान सात राष्ट्राध्यक्षों के आठ नेताओं के साथ द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठके करेंगे। इस दौरे में वो विभिन्न देशों के व्यवसायियों से भी मुलाकात करेंगे। इसका मकसद उन्हें भारत में निवेश को लेकर उत्साहित करना है।
साथ ही इन देशों में रहने वाले भारतीय मूल के नागरिकों से भी मुलाकात करेंगे | पीएम मोदी यूरोप यात्रा की शुरुआत जर्मनी से होगी और इसके बाद वे डेनमार्क जाएंगे और 4 मई को फ्रांस से भारत लौटेंगे । पीएम जर्मनी और डेनमार्क में एक-एक रात बिताएंगे। बर्लिन में वो सोमवार को ही भारतीय समुदाय को संबोधित भी करेंगे। पीएम मोदी के संबोधन के अलावा कुछ कल्चरल प्रोग्राम भी होंगे। वही जर्मनी में रहने वाले भारतीय पीएम मोदी को सुनने और देखने के लिए बेताब हैं।
उनका ये दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब रूस और यूक्रेन का युद्ध तीसरे माह में चल रहा है। रूस और युक्रेन युद्ध के चलते पश्चिमी देशों ने रूस पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हुए हैं। भारत पर भी इसको लेकर जबरदस्त दबाव है। भारत चाहता है कि इस मसले का समाधान बातचीत से किया जाना चाहिए। इस मसले पर यूएनजीए और सुरक्षा परिषद में रूस के खिलाफ लाए प्रस्ताव पर वोटिंग से भारत नदारद रहा है। भारत ने इस मुद्दे पर तटस्थ रहने का फैसला किया है।
Date : 1-मई-2022
Penned by Reeta Joshi