मेरठ से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एरिया बैंक मैनेजर अर्पित पाराशर कथित तौर पर अपनी प्रेमिका गुरप्रीत कौर के मासूम बेटे अंगदवीर को घड़ी दिलाने और घुमाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी अर्पित ने कुबूल किया कि बच्चे की चीख कोई न सुन ले इसलिए उसने अंगदवीर की पगड़ी से ही उसका मुंह बंद कर दिया था। इसके बाद चाकू से उसके हाथ की नस काटी और फिर गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी को डर था कि अंगदवीर उसके और अपनी मां के रिश्ते के बारे में परिवार के अन्य लोगों को बता देगा। इसी डर के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि बच्चा आरोपी को पहले से जानता था, इसलिए आसानी से उसके साथ चला गया।बच्चे के लापता होने पर दादी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दी आरोपी की कार के आधार पर पुलिस ने अर्पित की पहचान की और मीरापुर क्षेत्र से उसे हिरासत में ले लिया।पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। वहीं, बच्चे की मां गुरप्रीत कौर की भूमिका को लेकर भी जांच जारी है और उससे पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।