नैनीताल में पर्यटन सीजन में बुकिंग फुल होने से यात्रियों को वापिस लौटाया

By New31 Uttarakhand

नैनीताल में पार्किंग और होटल, गेस्ट हाउस में बुकिंग फुल होने की वजह से पर्यटकों को लौटाया जा रहा है। जिन यात्रियों की पहले से बुकिंग है, केवल उन्हें ही नैनीताल जाने दिया जा रहा है। शुक्रवार को करीब 700 वाहनों को लौटाया गया। झूठ बोलकर हल्द्वानी तक पहुंचे वाहनों को काठगोदाम से लौटा दिया गया।

चार दिन के अवकाश के बाद नैनीताल की सभी स्थायी, अस्थायी पार्किंग के साथ-साथ होटल और गेस्ट हाउस फुल हैं। बिना बुकिंग वाले यात्री नैनीताल की सैर नहीं कर सकेंगे। केवल बुकिंग वाले वाहनों को ही मोतीनगर तिराहे से पंचायत घर तिराहा की ओर डायवर्ट कर कालाढूंगी के रास्ते नैनीताल भेजा जा रहा है। पहले दिन की सख्ती के चलते पंचायत घर से करीब 400 से 500 वाहन और काठगोदाम से करीब 200 वाहनों को लौटाया गया। एसपी ट्रैफिक जगदीश चंद्र ने बताया कि यह व्यवस्था केवल पीक दिनों में यातायात को नियंत्रित करने के लिए है। सोमवार से शुक्रवार के बीच यह व्यवस्था लागू नहीं रहेगी।

पंचायत घर तिराहे पर पूछताछ के समय कई लोग खुद को स्थानीय बताकर काठगोदाम तक पहुंच गए। सख्ती देख कुछ वाहन चालकों ने तो कुमाऊंनी बोलना भी शुरू कर दिया। ड्यूटी पर तैनात स्पेशल ऑप्स सेल प्रभारी नितिन लोहनी ने बताया कि खुद को स्थानीय बताने वालों के आईडी कार्ड चेक किए गए। इसके बाद स्टीकर लगाकर ही उन्हें हल्द्वानी की ओर भेजा गया। जिन पर्यटकों को मौके पर ही ऑनलाइन बुकिंग मिल गई उन्हें नैनीताल की ओर जाने दिया। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने पर पुलिस ने जब सख्ती दिखाई तो कुछ यात्रियों में गुस्सा भी दिखाई दिया। जानकारी लेने के दौरान वाहनों की लंबी कतार भी लग गई। गर्मी में जाम से जूझे पर्यटक पुलिस कर्मियों पर ही भड़क उठे। हालांकि, मौके पर मौजूद अधिकारियों ने पर्यटकों को समझाते हुए मामला शांत कराया।

Date : 16-April-2022

Edited by News 31 Uttrakhand team

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.