हल्द्वानी में ऑनलाइन बंधक बनाकर खाते से रुपये निकालने के मामले काफी बढ़ गए हैं। दरअसल ताजा मामले में पुष्प विहार कॉलोनी कुसुमखेड़ा निवासी बुजुर्ग पूर्व सैनिक से साइबर ठगों ने 9.20 लाख रुपये ठग लिए। आपको बता दे पूर्व सैनिक के बेटे की तहरीर पर रुद्रपुर स्थित कुमाऊं साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर मुखानी पुलिस को जांच ट्रांसफर कर दी गई है। साथ ही पुलिस को सौंपी तहरीर में दिनेश चंद्र ने बताया कि उनके पिता हरिदत्त भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। बीती चार जून को उनके पिता के पास अंजान नंबर से व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली के आरकेपुरम थाने का हेड कांस्टेबल बताया।
साथ ही पूर्व सैनिक के खाते में 25 लाख रुपये की मनी लांड्रिंग की बात कहते हुए जांच के लिए कोर्ट के आदेश तक का हवाला दिया। वही भरोसे में लेने के लिए जालसाज ने पूर्व सैनिक की फर्जी साइबर शिकायत भी दर्ज कर दी। इसके बाद साइबर सेल का अधिकारी बनकर बात की और ऑनलाइन बैंक खाता एक्सिस करने के लिए जानकारी जुटाई। हालाकि जब पूर्व सैनिक ने जानकारी नहीं दी तो गिरफ्तारी का डर दिखाकर पूर्व सैनिक से खाते की संबंधित जानकारी ले ली गई। जिसके बाद सैनिक के एसबीआई खाते से पांच जून को 4.20 लाख रुपये और 12 जून को 5 लाख रुपये किसी अन्य बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। वही मामले में रुद्रपुर स्थित कुमाऊं साइबर थाने में बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कर मामला मुखानी थाने को ट्रांसफर कर दिया गया है।