Sonu Sood ने पंजाब में आवारा कुत्तों को सार्वजनिक जगहों से हटाने के आदेश पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस फैसले पर चिंता जताते हुए कहा कि सभी आवारा कुत्तों को हटाना या मारना किसी भी समस्या का सही समाधान नहीं हो सकता।
दरअसल, Bhagwant Mann ने हाल ही में राज्य में बढ़ते आवारा कुत्तों के हमलों को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि सार्वजनिक स्थानों से आवारा कुत्तों को हटाया जाए, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री के इस आदेश के बाद सोशल media पर बहस तेज हो गई है और कई हस्तियों ने इस पर अपनी राय रखी है।
इसी बीच सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि उन्होंने सुबह एक ट्वीट देखा जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा सड़क किनारे रहने वाले कुत्तों को पकड़कर ले जाने का आदेश दिया गया था। अभिनेता ने चिंता जताते हुए कहा कि इसके बाद उन कुत्तों के साथ क्या होगा, यह स्पष्ट नहीं है।
सोनू सूद ने कहा, “इंसान किताबें लिख सकता है, लेकिन वफादारी की बात करें तो कुत्तों जैसा वफादार कोई नहीं होता। कुछ जगहों पर ऐसे कुत्ते जरूर होते हैं जो बच्चों या लोगों पर हमला करते हैं। ऐसे मामलों से अलग तरीके से निपटा जा सकता है, लेकिन सभी आवारा कुत्तों को हटाना सही नहीं है।”
अभिनेता ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि आवारा कुत्तों के लिए शेल्टर और सुरक्षित जगहें बनाई जानी चाहिए, जहां उन्हें रखा जा सके। उन्होंने कहा कि जानवरों के प्रति दया और संवेदनशीलता जरूरी है।
अपने पोस्ट के कैप्शन में सोनू सूद ने लिखा, “वे हमारी सड़कों की रखवाली करते हैं, बिना किसी शर्त के प्यार करते हैं और बदले में कुछ नहीं मांगते। आवारा कुत्तों को मारना कोई समाधान नहीं है। दया ही असली हल है। उनकी रक्षा करें, उन्हें खाना खिलाएं और उन्हें जीने दें।”
पंजाब में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों को लेकर प्रशासन और सरकार पहले से दबाव में है। ऐसे में यह मुद्दा अब लोगों की सुरक्षा और पशु संरक्षण के बीच संतुलन बनाने की चुनौती बनता जा रहा है।