दिल्ली के गोविंदपुरी में मां-बेटे की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने महिला के चचेरे भाई सौरभ साहू को गिरफ्तार किया है।जानकारी के मुताबिक, वारदात वाले दिन वह करीब पौने आठ बजे अपनी बहन के घर पहुंचा था।शारदा ने उसे चाय व बिस्कुट खिलाए। इसके बाद आरोपी शारदा से दो लाख रुपये मांगने लगा और कहा कि उसे फल का व्यवसाय शुरू करना है। शारदा ने कहा कि वह उसके नशे के लिए पैसे नहीं देगी।
इससे पहले भी शारदा उसे ताना दे चुकी थी कि नशा करता है, कुछ काम धंधा नहीं करता। कोई लड़की तेरे से शादी नहीं करेगी। जब मृतका ने पैसे देने से मना कर दिया तो आरोपी आग बबूला हो गया और उसने शारदा पर चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। इस दौरान 13 साल का खुशहाल मां को बचाने की कोशिश करता रहा और रोते हुए बोला, “मामा मम्मी को मत मारो…” लेकिन आरोपी नहीं रुका।जब शारदा निढाल हो गई तो आरोपी ने मासूम भांजे खुशहाल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया।
आरोपी ने दोनों को 15 से 18 वार से ज्यादा चाकू मारे।वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसे पकड़ लिया, जिसमें उसके पैर में गोली लगी।पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है।