यूपी के कानपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है।नौ साल पहले प्रेम विवाह करने वाली पत्नी पर अपने ही पति की हत्या का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि 5 जून को निहारिका ने अपने 6 साल के मासूम बेटे के सामने कारोबारी पति मनीष गुप्ता पर चाकू से हमला कर दिया।गंभीर रूप से घायल मनीष खुद बेटे को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इलाज के दौरान करीब 11 दिन बाद उनकी मौत हो गई ,परिजनों का आरोप है कि निहारिका अपने किसी दोस्त से घंटों बात करती थी, जिसका मनीष विरोध करता था। इसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
अब पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पिता दुनिया से चले गए और मां सलाखों के पीछे हैं… इन बातों से बेखबर मासूम रियांश उस समय अपने कमरे में मोबाइल पर वीडियो गेम खेल रहा था, जब उसके पापा के शव से लिपटकर दादा-दादी बिलख रहे थे। सवाल पूछने पर वह तोतली जुबान से कहता है कि मम्मा अपने बॉयफ्रेंड से बात कर रही थीं, तब पापा से लड़ाई हो गई और मम्मा ने पापा को चाकू मार दिया। आखिर इस रिश्ते में ऐसा क्या हुआ कि प्रेम विवाह का अंत हत्या तक पहुंच गया?