विधायक सुमित हृदयेश ने किया अत्याधुनिक कैथ लैब का निरीक्षण

विधायक सुमित हृदयेश ने किया अत्याधुनिक कैथ लैब का निरीक्षण
By New31 Uttarakhand

हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुमित हृदयेश ने शुक्रवार को डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय में नवनिर्मित अत्याधुनिक कैथ लैब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल का भ्रमण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। विधायक ने मरीजों से अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और अन्य आवश्यक सेवाओं के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि अस्पताल में स्थापित की गई अत्याधुनिक कैथ लैब कुमाऊँ क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। उन्होंने कहा कि हृदय रोगों के उपचार के लिए अब क्षेत्रवासियों को बड़े महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे मरीजों के समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी। उन्होंने इसे कुमाऊँ की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

विधायक ने कहा कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय को उन्होंने लगातार सदन में प्रमुखता से उठाया, ताकि कुमाऊँ क्षेत्र की जनता को स्थानीय स्तर पर बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि उनका हमेशा प्रयास रहा है कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही क्षेत्र में सुलभ हो सकें।

हालांकि विधायक ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में कैथ लैब के संचालन के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता नहीं है, जिसके कारण यह सुविधा अभी पूर्ण रूप से शुरू नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों और शासन स्तर पर वार्ता की जा रही है तथा जल्द ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित कर कैथ लैब को पूर्ण रूप से संचालित किया जाएगा, ताकि क्षेत्र की जनता को इसका पूरा लाभ मिल सके।

अंत में विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि वे जनसेवा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं तथा जनता की मूलभूत आवश्यकताओं और सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने हेतु लगातार प्रयासरत रहेंगे।

इस अवसर पर पार्षद रवि जोशी, हेमंत शर्मा, मोहन बिष्ट, मोनू पांडे, दिवेश तिवारी, एडवोकेट धर्मवीर, देवेन्द्र नेगी, वसीम डैनी, मोहम्मद गुफरान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.