खटीमा में अवैध मिट्टी खनन की शिकायत पर छापा मारने गई खटीमा वन रेंज के वन कर्मियों की टीम पर खनन माफियाओं ने हमला कर दिया है | खनन माफियाओं ने वन दरोगा संतोष भंडारी और उत्तम राणा से अभद्रता करते हुए हाथापाई के दौरान उनकी वर्दी फाड़ दी | साथ ही उन पर वाहन चढ़ाने का प्रयास भी किया | वन कर्मियों ने एक आरोपित को दबोच लिया। वन विभाग की टीम एक ट्रैक्टर ट्रॉली और एक वन माफिया को पकड़कर रेंज ऑफिस पहुंची |
खटीमा रेंज के वन कर्मियों को रविवार रात लोहियाहेड नगरा तराई क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन किए जाने की सूचना मिली। इस पर वन दारोगा संतोष भंडारी एवं उत्तम सिंह राणा कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर वन की भूमि से मिट्टी खोदकर ट्रैक्टर-ट्राली में भरी जा रही थी। वन कर्मियों ने घेराबंदी कर उन्हें पकडऩे की कोशिश की तो खनन करने वालों ने हमला बोल दिया। और ट्रैक्टर-ट्राली चढ़ाने की कोशिश भी की। आरोपितों ने वन दारोगा भंडारी व राणा की वर्दी फाडऩे के साथ स्टार भी नोंच दिए। सूचना पर रेंजर राजेंद्र मनराल विभागीय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके से ट्रैक्टर-ट्राली व एक आरोपित को पकड़ लिया। जबकि उसके तीन साथी भागने में कामयाब रहे। वन कर्मी आरोपित व ट्रैक्टर-ट्राली को रेंज कार्यालय ले आए। जिसके बाद आरोपित को छुड़ाने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रेंज कार्यालय पहुंच गए। जहां काफी देर तक हंगामा होता रहा।मामले में पुलिस ने चार लोगों के विरुद्घ सरकारी कार्य में बाधा डालने , मारपीट व जान से मारने की धमकी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Date : 5 अप्रैल 2022
edited by न्यूज़ 31 उत्तराखंड टीम