भारत ने पाकिस्तान की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है | भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते ने राज्य के तट के पास अरब सागर में चालक दल के नौ सदस्यों के साथ एक पाकिस्तानी नाव को पकड़ा है | इस नाव से 280 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की गई है | इस बात की जानकारी सोमवार को एक रक्षा प्रवक्ता ने दी |
प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि तटरक्षक बल के जहाजों ने पाकिस्तानी नाव ‘अल हज’ को भारतीय जल सीमा में दाखिल होने पर चेतावनी दी और उसे पकड़ लिया | अधिकारियों को नाव पर 280 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन मिली | बयान में बताया गया है कि नाव और उसके चालक दल के सदस्यों को आगे की जांच के लिए गुजरात के कच्छ जिले के जखाऊ बंदरगाह ले जाया गया |
अटारी बॉर्डर पर भी पकड़ी गई हेरोइन
पाकिस्तान सीमा पर ड्रग्स पकड़े जाने की खबरें लगातार आती रहती हैं | पंजाब की अटारी सीमा पर सीमा शुल्क विभाग ने रविवार को ‘मुलेठी’ की खेप में छिपाकर रखी गई 100 किलोग्राम से अधिक हेरोइन जब्त कर ली | मुलेठी की यह खेप अफगानिस्तान से आई थी | जब्त की गई हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 700 करोड़ रुपये बताई जा रही है |
Date: 25-अप्रैल-2022
Penned by Reeta joshi