उत्तराखंड में आखिरकार मानसून ने दस्तक दे दी है… लेकिन अपने साथ सिर्फ राहत नहीं, बल्कि बड़ा खतरा भी लेकर आया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए कई जिलों में भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगर आप चारधाम यात्रा पर जा रहे हैं या पहाड़ी इलाकों में रहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है।”
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पहुंच चुका है और अगले दो-तीन दिनों में पूरे उत्तराखंड में सक्रिय हो जाएगा। एक और दो जुलाई को देहरादून, बागेश्वर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल समेत कई जिलों में भारी से बेहद भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि तीन और चार जुलाई को भी तेज बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। लगातार बारिश के चलते भूस्खलन, चट्टान गिरने, नदियों का जलस्तर बढ़ने, अचानक बाढ़ और सड़कें बंद होने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने चारधाम यात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूर रहने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। क्योंकि पहाड़ों में मौसम कब करवट बदल ले, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है और एक छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है।