आम आदमी पार्टी (AAP) में हाल ही में हुए बड़े संगठनात्मक बदलाव के बाद राज्यसभा सांसद Raghav Chadha ने शुक्रवार को एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी। पार्टी द्वारा उन्हें राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने और संसद में बोलने के अवसर सीमित किए जाने की खबरों के बीच चड्ढा ने कहा कि उन्हें “खामोश जरूर किया गया है, लेकिन वे हारे नहीं हैं।उन्होंने सीधे तौर पर पार्टी नेतृत्व का नाम लिए बिना फैसले पर सवाल उठाए और कहा कि उन्होंने हमेशा संसद में आम लोगों से जुड़े मुद्दे उठाए हैं।
चड्ढा ने अपने वीडियो में कहा कि जब-जब उन्हें सदन में बोलने का मौका मिला, उन्होंने जनहित के विषयों को प्राथमिकता दी। उन्होंने सवाल किया कि क्या आम लोगों की समस्याओं को संसद में उठाना कोई गलती है। उन्होंने कहा, “क्या मैंने कुछ गलत किया है? क्या जनता की आवाज उठाना अपराध है?”उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि Aam Aadmi Party ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर उन्हें संसद में बोलने से रोकने का अनुरोध किया है। इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कोई उनके बोलने पर रोक क्यों लगाना चाहेगा, जबकि वे हमेशा आम आदमी के मुद्दों की बात करते हैं।चड्ढा ने अपने पिछले प्रयासों का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने एयरपोर्ट पर महंगे खाने, ब्लिंकिट और जोमैटो के डिलीवरी राइडर्स की स्थिति, टोल प्लाजा शुल्क, बैंक चार्जेस, मिडिल क्लास पर टैक्स का बोझ, मोबाइल डेटा लिमिट, न्यूनतम बैंक बैलेंस, फ्लाइट में अतिरिक्त बैगेज चार्ज, पेपर लीक और वायु प्रदूषण जैसे कई मुद्दे संसद में उठाए हैं।
इससे पहले गुरुवार को भी उन्होंने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें इन सभी मुद्दों को संसद में उठाते हुए उनके क्लिप्स को संकलित किया गया था। वीडियो के अंत में वह संसद से बाहर निकलते हुए दिखाई दिए।उधर, आम आदमी पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए Raghav Chadha को राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया है। उनकी जगह Ashok Mittal को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में राज्यसभा सचिवालय को औपचारिक पत्र भेजा गया है।राजनीतिक दृष्टि से इस पूरे घटनाक्रम को अहम माना जा रहा है। हालांकि चड्ढा ने अपने बयान में सीधे तौर पर किसी नेता पर आरोप नहीं लगाया, लेकिन उनके शब्दों से पार्टी के भीतर चल रही स्थिति के संकेत जरूर मिलते हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आने वाले समय में पार्टी और चड्ढा के बीच संबंध किस दिशा में आगे बढ़ते हैं।