पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की रविवार 29 मई की शाम को गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्हें मानसा जिले में अज्ञात लोगों ने गोली मार दी थी। फायरिंग की घटना में सिद्धू समेत तीन लोग घायल हो गए। जिसके बाद गंभीर हालत में मूसेवाला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि मूसेवाला की पहले ही मौत हो चुकी थी। मिली जानकारी के अनुसार, हमले में दो अन्य घायल हो गए हैं।
सिद्धू मूसेवाला के निधन पर फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री के तमाम सितारे सदमे में हैं। इस खबर से शहनाज गिल, अजय देवगन, विशाल ददलानी, कपिल शर्मा, सहित कई हस्तियों ने शोक प्रकट किया।
सिंगर सिद्धू मूसेवाला के निधन पर अजय देवगन ने शोक जताते हुए ट्वीट किया। अभिनेता ने ट्वीट करते हुए कहा कि वो मूसेवाला के निधन से स्तब्ध हैं। उन्होंने लिखा – ‘वाहेगुरु उनके प्रियजनों को दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करें। अभी भी इस पर विश्वास नहीं हो रहा है।’
पूर्व ‘बिग बॉस’ प्रतियोगी और एक्ट्रेस शहनाज गिल ने ट्वीट करते हुए लिखा – ‘किसे दा जवान दे या पुट एस दुनिया तो चला जावे, इस तो वड्डा दुख कोई नहीं हो सकता दुनिया ते। वाहेगुरुजी मेहर करे।’ उनके ट्वीट का अर्थ है कि दुनिया में इससे ज्यादा दर्दनाक कुछ नहीं है कि कोई अपने छोटे बच्चे को खो दे। भगवान, वाहे गुरु जी मेहर करें।
कॉमेडियन और टीवी स्टार कपिल शर्मा ने इस घटना को बहुत चौंकाने वाला और दुखद कहा। कपिल ने ट्वीट करते हुए लिखा – ‘सतनाम श्री वाहेगुरु, बेहद चौंकाने वाली और दुखद घटना, एक महान कलाकार और एक बेहतरीन इंसान, भगवान उनके परिवार को शक्ति दे।’
Date : 30-May-2022
Penned by Reeta Joshi