उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं की साख पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर केंद्र पर आठ फर्जी अभ्यर्थियों के पकड़े जाने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब बहादराबाद ब्लॉक के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोहलपुर परीक्षा केंद्र पर दो और फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए हैं। शनिवार को गृह विज्ञान की परीक्षा के दौरान सुबह दस बजे परीक्षा शुरू होते ही कक्ष निरीक्षकों ने प्रवेश पत्रों की जांच की। इसी दौरान व्यक्तिगत परीक्षा दे रही दो बालिकाओं पर शक हुआ। गहन जांच में उनके प्रवेश पत्र फर्जी पाए गए, जिसके बाद तुरंत उनकी उत्तर पुस्तिकाएं सील कर गोपनीय अनुभाग में भेज दी गईं।
जांच में सामने आया कि जिन छात्राओं की जगह परीक्षा दी जा रही थी, वे हरिद्वार के वर्णिका लालयान इंटर कॉलेज, हद्दीपुर में पंजीकृत हैं। सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और आगामी परीक्षाओं में सख्ती बरतने के निर्देश दिए। केंद्र व्यवस्थापक चंद्रभान ने संबंधित थाने में तहरीर दी है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने बोर्ड परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।