हल्द्वानी में चल रही नुमाइश एक बार फिर विवादों में आ गई है। इस बार एक महिला सुरक्षा कर्मी ने छात्र संगठन से जुड़े कुछ युवकों पर मारपीट और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि देर रात नुमाइश में कुछ युवकों को प्रवेश से रोका गया, क्योंकि उस समय पास की अनुमति नहीं थी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और आरोप है कि युवकों ने उसके साथ मारपीट और बदसलूकी की।
महिला सुरक्षा कर्मी का आरोप है कि बाद में उसे बातचीत के बहाने एक कमरे में बुलाया गया, जहां कई लोगों की मौजूदगी में उसे कमरे के अंदर रोक लिया गया और उस पर माफी मांगने का दबाव बनाया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम के दौरान वहां कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी। घटना के बाद मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद नुमाइश की सुरक्षा व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।